मुस्लिम तुष्टीकरण नीति बंद करे सपा सरकार
जागरण संवाददाता, सिद्धार्थनगर : इटवा कस्बा स्थित एक लाज में रविवार को हिंदू युवा वाहिनी बैठक हुई, जिसमें मुख्य रूप से हिंदू उत्पीड़न की घटनाएं छायी रही।
मुख्य अतिथि संगठन के प्रदेश प्रभारी राघवेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि प्रत्येक गांव में हिंदू परिवार को जाति पाति से ऊपर उठकर भारतीय धर्म संस्कृति को बचाने के लिए आगे आना होगा। सभी पदाधिकारी अधिक से अधिक गांवों में जाकर लोगों को संगठन से जोड़ने का काम करें। जिससे हिंदू उत्पीड़न की घटनाओं में कमी लायी जा सके। कश्मीर के बालटाल में हुई घटना की निंदा करते हुए उन्होंने कहा कि भारत सरकार पवित्र अमरनाथ गुफा के दर्शनार्थियों को पूरी सुरक्षा देते हुए प्रदेश सरकार द्वारा की जा रही मुस्लिम तुष्टीकरण नीति के विरूद्ध जन जागरण अभियान चलाने का कार्य करे। जिला उपाध्यक्ष भानु प्रताप सिंह ने कहा कि पूरे प्रदेश में दुष्कर्म की घटनाएं तेजी से बढ़ रही है। जिस पर सरकार नियंत्रण स्थापित करने में विफल है। सपाइयों के इशारे पर हिंदुओं का थानों व तहसीलों में उत्पीड़न किया जा रहा है। यदि यह बंद नहीं हुआ तो इटवा तहसील मुख्यालय पर हिंदू पंचायत का आयोजन कर वृहद आंदोलन छेड़ा जायेगा। सुरेंद्र पाण्डेय, राम कृपाल चौधरी ने संबोधित किया। अध्यक्षता ब्रम्हानंद भारती व संचालन अजय सिंह ने किया। जिलाध्यक्ष रमेश गुप्ता, सुभाष गुप्ता, रमन श्रीवास्तव, दीपक अग्रहरि, पंकज श्रीवास्तव, लवकुश यादव, गयाराम, राम दुलारे शर्मा, जोखू यादव, केशरी नंदन त्रिपाठी, जीत बहादुर चौधरी, संतोष कुमार आदि मौजूद रहे।