घर में घुसा मगरमच्छ, गांव में हड़कंप
एक घंटे की मशक्कत के बाद वन टीम ने पकड़ा भेजा गया कतर्निया घाट
श्रावस्ती : सरयू नहर खंड-6 की मुख्य शाखा के निकट स्थित तुरहनी बलराम गांव में रामदीन यादव के घर में छत पर रविवार की सुबह करीब चार बजे मगरमच्छ चढ़ा। थोड़ी देर बाद वह छत से नीचे गिर गया और रेंगते हुए कमरे में चारपाई के पास तक पहुंच गया। सुबह परिवार के लोगों की नींद खुली तो कमरे में चारपाई के पास मगरमच्छ देख उनके होश उड़ गए।
वन दरोगा संजय ओझा के नेतृत्व में वन दरोगा जगदीश, रामभुलावन व माली दद्दू की टीम मौके पर पहुंची। लगभग एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद मगरमच्छ को वन टीम ने कब्जे में ले लिया। वन दरोगा ने बताया कि मगरमच्छ का वजन लगभग 50 किलोग्राम व लंबाई पांच फीट पांच इंच है। इसकी उम्र लगभग एक वर्ष है। पिकअप वाहन में लादकर मगरमच्छ को वन प्रभाग कार्यालय लाया गया। डीएफओ एपी यादव ने बताया की मगरमच्छ को कतर्निया घाट में छोड़ा जाएगा।