विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जंगल में अमंगल कर रहे थे चार युवक, भनक लगते ही पहुंचे एसएसबी के जवान तो रह गए दंग, फिर गया अरमानों पर पानी

Published: Wed, 02 Sep 2026 11:30 PM (IST)

एसएसबी और वन विभाग की संयुक्त टीम ने श्रावस्ती के सोहेलवा जंगल में खैर की लकड़ी की अवैध कटाई का भंडाफोड़ किया।

एसएसबी व वन टीम के हिरासत में चोरी से काटी गई खैर लकड़ी, पिकअप वाहन व आरा के साथ पकड़े गए आरोपित। जागरण

एसएसबी व वन टीम के हिरासत में चोरी से काटी गई खैर लकड़ी, पिकअप वाहन व आरा के साथ पकड़े गए आरोपित। जागरण

HighLights

  1. एसएसबी और वन विभाग ने खैर की लकड़ी पकड़ी।

  2. सोहेलवा जंगल से चार आरोपित गिरफ्तार किए गए।

  3. अवैध कटाई में प्रयुक्त पिकअप वाहन जब्त।

जागरण संवाददाता, श्रावस्ती। एसएसबी और वन विभाग की संयुक्त टीम ने मंगलवार की दोपहर आरक्षित वन क्षेत्र पूर्वी सोहेलवा जंगल में चोरी से काटी जा रहे खैर की लकड़ी के 13 बोटों के साथ पिकअप वाहन, आरा व चार आरोपितों को दबोच लिया। टीम पकड़े गए आरोपितों को लकड़ी समेत रेंज कार्यालय ले जाकर कार्रवाई कर रही है।

वन टीम को दोपहर में सूचना मिली कि पूर्वी सोहेलवा जंगल के जरमौली वन चौकी के मेड़किया कक्ष संख्या- एक में बालू व घोलिया गांव के पास चोरी से काटी जा रही खैर की लकड़ी को पिकअप वाहन पर लाद कर बाहर निकाले जाने की तैयारी है।

इस पर रेंजर अनिमेष वर्मा वन रक्षक सुमित कुमार पांडेय, वन दारोगा दिनेश चौहान, विवेक शुक्ला व एसएसबी 9वीं वाहिनी बलरामपुर के सीमा चौकी डगमरा के इंस्पेक्टर रमेश कुमार गुज्जर, सहायक उप निरीक्षक मनीष गोस्वामी, जवान शौकत अली, सुरेश साहू, प्रवीण कुमार, सूरज कुमार के साथ बताए गए स्थान की घेराबंदी की।

इस दौरान टीम ने जंगल में काट कर पिकअप पर लादी जा रही खैर की लकड़ी के 13 बोटों व आरा के साथ चार आरोपितों को दबोच लिया, जबकि पिकअप चालक जंगल का फायदा उठाते हुए मौके से फरार हो गया।

रेंजर ने बताया कि पूछताछ में पकड़े गए आरोपितों की पहचान सिरसिया क्षेत्र के घोलिया निवासी लल्लू राम, राम जागे तथा बलरामपुर जिले के हर्रैया क्षेत्र के अतरपरी निवासी मनोज कुमार व राकेश कुमार के रूप में हुई है।

पकड़े गए आरोपितों के विरुद्ध वन तथा वन्य जीव संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपितों से जंगल में लकड़ी कटान के पूरे नेटवर्क के बारे में गहनता से पूछताछ की जा रही है।

यह भी पढ़ें- कूनो से लापता चीता निर्वा 13 दिन बाद खेतों में स्वस्थ मिली, नई कॉलर आईडी लगाकर फिर जंगल में छोड़ा

यह भी पढ़ें- पंचायत सचिवालय के बाहर दिखा जंगली भालू, वीडियो वायरल होने के बाद वन विभाग अलर्ट