ठीक होंगी सोडियम लाइटें, नगर में फैलेगी रोशनी
महीनों से पसरे अंधरे से मिलेगी निजात नपाप ने शुरू किया अभियान
संसू, भिनगा(श्रावस्ती) : भिनगा नगर पालिका परिषद क्षेत्र में महीनों से खराब पड़ी सोडियम लाइटें अब ठीक होंगी। नगर को अंधेरे से राहत मिलेगी और रात्रि के समय चारों ओर प्रकाश दिखेगा। नगर पालिका परिषद की ओर से इस संबंध में अभियान की शुरूआत की गई है।
भिनगा नगर के कई मुहल्लों में वर्षो पूर्व लगाई गई सोडियम लाइट मरम्मत के अभाव में खराब पड़ी थीं। इससे शाम होते ही नगर में अंधेरा पसर जाता था। जिला मुख्याल का दर्जा होने के बाद भी भिनगा नगर के लोग रात में गलियों में अंधेरे में निकलने को विवश होते हैं। इससे चोर उचक्कों का भय भी बना रहता है। सोडियम लाइटें लगाने पर लाखों रूपये खर्च होने के बाद भी रोशनी न होने से नगर के लोगों में असंतोष का भाव था। अब नगर पालिका प्रसाशन की ओर से इन सोडियम लाइटों को ठीक कराने के लिए मुहिम शुरू की गई है। कई मुहल्लों में खराब पड़ी इन लाइट को ठीक किया जा चुका है।मरम्मत का कार्य अभी जारी है। नगरपालिका परिषद अध्यक्ष अजय आर्य ने बताया की सभी मुहल्लों की सोडियम लाइटें ठीक होंगी। जल्द ही पूरा नगर दूधिया रोशनी से जगमगाएगा।
इनसेट
जान जोखिम में डाल काम करते कर्मी
नगर की सोडियम लाइटों के मरम्मत में जुटे कर्मी अपनी जान जोखिम में डाल कर काम करते हैं। इनके पास सुरक्षा उपकरण के नाम पर कोई व्यवस्था नहीं है। इस संबंध में नगर पालिका परिषद कर्मी मोहम्मद शरीफ ने बताया कि खराब पड़ी सोडियम लाइट को ठीक करने के लिए स्काई लिफ्ट मशीन है। सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराने के लिए कई बार नगर पालिका में प्रार्थना पत्र दिया गया, लेकिन अभी तक सुरक्षा उपकरण नही मिला है।