जर्जर भवन में चल रहा डाकघर
डाकघर की छत बनी है जानलेवा
संसू, गिलौला (श्रावस्ती): डाकघर की गिलौला शाखा जर्जर भवन में चल रहा है। यहां काम करने वाले कर्मचारी और आने वाले उपभोक्ता परेशान हैं। लिखा-पढ़ी के बाद भी जिम्मेदार अधिकारी इस आम समस्या पर ध्यान नही दे रहे हैं।
गिलौला शाखा लगभग 30 वर्षों से एक भवन में चल रहा है। कभी भी इसकी मरम्मत आदि नही कराई गई है। भवन काफी जर्जर हो गया है। छत टूटकर गिर रही है। इस शाखा से 10 उप शाखाएं संचालित हो रही है। प्रतिदिन यहां सैकड़ों लोगों का आना-जाना होता है। भवन जर्जर होने से बारिश में लोगों को इसके नीचे बैठकर काम करना खतरे से खाली नही है। डाककर्मी ओंकार नाथ श्रीवास्तव ने बताया कि मंगलवार को छत का एक टुकड़ा टूटकर ऊपर से गिरा, जिससे वह बाल-बाल बच गए। उन्होने बताया कि अक्सर ऐसी घटनाएं होती रहती है, जिससे ऑफिस में बैठने से भय लगा रहता है। प्रधान लिपिक पवन कुमार सिंह ने बताया कि अधीक्षक डाकघर को लिखित व मौखिक कई बार भवन बदलने के लिए अनुरोध किया गया, लेकिन अभी उनकी ओर से कोई निर्णय नही लिया गया है। यह भवन काफी जर्जर है। कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।