महागौरी की पूजा-पाठ व कन्याभोज से देवीमय रहा माहौल
शारदीय नवरात्र की महाअष्टमी शनिवार को भक्तों की श्रद्धा
श्रावस्ती : शारदीय नवरात्र की महाअष्टमी शनिवार को भक्तों की श्रद्धा, भक्ति और उत्साह को देख कर लगता था कि पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया है। चारों ओर भवानी की ही जय-जयकार होती रही। नवरात्र की चहल-पहल घरों, मंदिरों व पूजा पंडालों में रही। अनुष्ठान, साधना और पूजा-पाठ से माहौल देवीमय रहा। भगवती महागौरी की कृपा ²ष्टि पाने के लिए घर व मंदिरों में भोर से ही पूजा की तैयारी शुरू हो गई। घंटियों और शंखों की ध्वनि के साथ बज रहे बधावे, गाए जा रहे देवी गीतों की ध्वनि से मधुर तरंगें उठ रही थीं। देवी भक्तों के पूजन-अर्चन के सम्मिलित स्वर भारत के पौराणिक व ऐतिहासिक परंपरा को जोड़ रहे थे। नव दुर्गा की प्रतीक बनी कन्याओं की पूजा की गई। आरती उतारी गई। नन्हीं बाल देवियों को पंक्तिबद्ध भोजन कराया गया। दान-दक्षिणा श्रद्धा के साथ उन्हें देकर विदा किया गया। आस्था की हिलोरें वातावरण में ले रही थीं। भिनगा नगर स्थित राजर्षि काली मंदिर में सुबह से ही दर्शन व पूजन के लिए श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। इस दौरान लोगों ने मंदिर परिसर में हवन-पूजन किया और कन्याओं का पूजन कर उन्हें भोज कराया। मंदिर के बाहर लगी दुकानों पर खरीददारी के लिए लोग उमड़ते रहे। घरों में व्रत रहने वालों ने कन्याओं को भोज कराया। वही नगर के पूजा पंडालों में स्थापित मां दुर्गा की प्रतिमा के दर्शन पूजन के लिए भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। नगर के कृष्णा नगर मुहल्ले में स्थित समय माता मंदिर में स्थापित पूजा पंडाल में महाआरती का आयोजन हुआ। वही जिले के विभिन्न स्थानों पर भी दुर्गा पूजा महोत्सव की धूम मची हुई है। हर ओर मां के जयकारे गूंज रहे हैं।