गाजे-बाजे के साथ निकली भगवान भोले नाथ की भव्य बरात
श्रावस्ती) सिरसिया के बालापुर स्थित बाबा नागेश्वर नाथ प्राचीन शिव मंदिर से गुरुवार को गाजे-बाजे
श्रावस्ती) : सिरसिया के बालापुर स्थित बाबा नागेश्वर नाथ प्राचीन शिव मंदिर से गुरुवार को गाजे-बाजे के साथ भव्य शिव बरात निकाली गई। भगवान शिव की झांकी ने सिरसिया कस्बा समेत आसपास के गांवों का भ्रमण किया। जगह-जगह लोगों ने झांकी रोक कर आरती उतारी। पुरानी बाजार स्थित काली मंदिर पर पुष्प वर्षा के बीच भगवान शिव व माता पार्वती का विवाह संपन्न हुआ।
डगमरा आश्रम से भूत भावन भगवान भोले नाथ की बरात मुराउनपुरवा, बालापुर चौराहा, सिरसिया नई बाजार होते हुए पुरानी बाजार काली मंदिर पहुंची। इस दौरान बड़ी संख्या में पुरुष व महिलाएं हाथ में धाíमक झंडा थामे बरात में शामिल हुए। भक्तिमय गीतों पर नाचते-गाते बराती आगे बढ़ रहे थे। छतों पर खड़े होकर लोग भगवान शिव की झांकी व बरातियों पर पुष्प वर्षा कर रहे थे। हर कोई भक्तिमय नजर आया। काली मंदिर पर भगवान शिव व माता पार्वती ने एक-दूसरे को वर माला पहनाया। परंपरागत तरीके से देवाधि देव महादेव व आदिशक्ति जगतजननी का पूजन-अर्चन किया गया। इस दौरान घंटों आतिशबाजी व पुष्प वर्षा हुई। डीजे की धुन पर थिरकते हुए शिवभक्तों ने रंग-गुलाल उड़ाकर खुशियां मनाई। नगर के पुरुष, महिलाएं व बच्चे आरती की थाल सजा कर कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे और शिव-पार्वती की आरती उतारी। विवाह संपन्न होने के बाद निराला नगर, चांदगढ़ी होते हुए बरात बाबा नागेश्वर नाथ प्राचीन शिव मंदिर पहुंची। इस दौरान थानाध्यक्ष विनोद कुमार सिंह के नेतृत्व में सुरक्षा के चाक-चौबंद इंतजाम किए गए थे। शिव बरात में सोनपथरी आश्रम के महंत हरिशरणानंद महाराज, पंकज श्रीवास्तव, संजय सोनी, तरुण शुक्ला, शोभाराम धुरिया, ज्ञानचंद, जमुना प्रसाद गुप्ता, सुरेश, विनोद, बंशीलाल, भोला, सत्यप्रकाश, कृष्ण कुमार, संदीप, सोनू, सौरभ, मंशाराम, गिरधारी आदि मौजूद रहे।