श्रावस्ती में राजस्व कानून में बदलाव के विरोध में वकीलों ने किया सड़क जाम, बैनामा निजीकरण को खत्म करने की मांग
बैनामा निजीकरण और राजस्व कानूनों में बदलाव के विरोध में जमुनहा तहसील के वकीलों ने जमुनहा-बहराइच राज्य मार्ग जाम कर प्रदर्शन किया।

राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपा
HighLights
वकीलों ने बैनामा निजीकरण के विरोध में प्रदर्शन किया।
जमुनहा-बहराइच राज्य मार्ग एक घंटे तक जाम रहा।
राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपा गया।
संवाद सूत्र, जमुनहा(श्रावस्ती)। बैनामा निजीकरण के विरोध में शुक्रवार को जमुनहा तहसील के अधिवक्ताओं ने जमुनहा-बहराइच राज्य मार्ग जाम कर प्रदर्शन किया। इससे लगभग एक घंटे तक मार्ग पर आवागमन बाधित रहा। इसके बाद राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपा।
प्रदेश सरकार की ओर से राजस्व कानूनों में संशोधन कर पायलट प्रोजेक्ट के तहत श्रावस्ती, बलरामपुर, बांदा व हरदोई जिले में नई व्यवस्था लागू करने के विरोध में वकीलों का आक्रोश कम होने का नाम नहीं ले रहा है। शुक्रवार को न्यू मॉडर्न बार एसोसिएशन जमुनहा के अधिवक्ताओं ने जमुनहा तहसील मुख्य गेट के सामने जमुनहा-बहराइच राज्य मार्ग एक घंटे तक जाम कर प्रदर्शन किया। इससे मार्ग पर आवागमन ठप रहा। इसके बाद वकीलों ने राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन जमुनहा एसडीएम रवेंद्र कुमार सौंपा।
अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष सत्य नारायण यादव ने बताया कि शासन की ओर से बैनामा निजीकरण व राजस्व न्यायालयों में अधिवक्ताओं की भूमिका समाप्त करने संबंधी आदेश के विरुद्ध 12 अक्टूबर से सभी अधिवक्ता रजिस्ट्री व राजस्व न्यायालयों के कार्यों का विरोध कर रहे हैं। अभी तक सरकार की ओर से कोई सार्थक कदम नहीं उठाया गया है। अधिवक्ता विरोधी इस कानून को वापस नहीं लिया गया तो आरपार की लड़ाई होगी।