विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बसपा से हाजी दद्दन खां निष्कासित, भिनगा सीट को लेकर सस्पेंस बरकरार

Published: Wed, 19 Aug 2026 03:47 PM (IST)

हाजी मैनुद्दीन खां उर्फ दद्दन खां को बसपा से पार्टी विरोधी गतिविधियों और अनुशासनहीनता के आरोप में निष्कासित कर दिया गया है।

News Article Hero Image
timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण संवाददाता, श्रावस्ती। बहुजन समाज पार्टी से वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में श्रावस्ती सीट पर पार्टी प्रत्याशी रहे सिरसिया निवासी हाजी मैनुद्दीन खां उर्फ दद्दन खां को पार्टी विरोधी गतिविधियों में लिप्त रहने व अनुशासनहीनता के आरोप में पार्टी से निष्कासित कर दिया है।

पूर्व प्रत्याशी और जिले के कद्दावर बसपा कार्यकर्ता के रूप में स्थापित दद्दन खां बिना पार्टी की अनुमति के खुद को भिनगा सीट पर विधानसभा चुनाव का संभावित प्रत्याशी के रूप में प्रचारित कर रहे थे, जिसका दंड उन्हें पार्टी से निष्कासन के रूप में झेलना पड़ा।

बसपा जिलाध्यक्ष दिनेश गौतम ने बताया कि दद्दन खां को कई बार चेतावनी दी गई थी, इसके बावजूद वह पार्टी की अनुशंसा के बिना खुद को भिनगा विधानसभा सीट से संभावित बसपा प्रत्याशी के रूप में प्रचारित कर रहे थे।

लगातार चेतावनियों के बाद भी सुधार न होने पर पार्टी ने कार्रवाई करते हुए उन्हें बाहर का रास्ता दिखा दिया। जिलाध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि भिनगा सीट से बसपा ने अभी अपना प्रत्याशी तय नहीं किया है। उन्होंने कहा कि पार्टी में अनुशासन सर्वोपरि है और अनुशासनहीनता किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

हाजी दद्दन खां का बसपा से पुराना राजनीतिक जुड़ाव रहा है। वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में वह श्रावस्ती सीट पर पार्टी के प्रत्याशी थे। उनके भाई अलीमुद्दीन भी वर्ष 2022 में भिनगा विधानसभा सीट से बसपा के टिकट पर चुनाव लड़ चुके हैं।

वर्ष 2027 के चुनाव के लिए भी बसपा से टिकट का इन्हें प्रबल दावेदार माना जा रहा था। ऐसे में दद्दन खां के निष्कासन से जिले की सियासत में चर्चा का दौर शुरू हो गया है। अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि बसपा भिनगा विधानसभा सीट पर किस चेहरे पर दांव लगाती है।

यह भी पढ़ें- यूपी चुनाव 2027 के लिए बसपा का बड़ा दांव, मायावती ने सतीश चंद्र मिश्रा को सौंपी अहम जिम्मेदारी