देर रात तक पंडालों में मची रही श्रीगणेश पूजा की धूम
श्रावस्ती : वैदिक मंत्रोच्चार के बीच जिले में गांव से लेकर शहर तक श्रीगणेश पूजा महोत्सव की धूम मची ह
श्रावस्ती : वैदिक मंत्रोच्चार के बीच जिले में गांव से लेकर शहर तक श्रीगणेश पूजा महोत्सव की धूम मची है। पूजा पंडालों में देर रात तक भजन-कीर्तन का दौर चल रहा है। शुक्रवार की रात भिनगा नगर के व्यास भवन व शंकरी सिंह चौराहे पर स्थापित गणेश प्रतिमा पंडाल में विशेष पूजन का आयोजन किया गया।
सुख व समृद्धि की कामना लेकर नगर की महिलाएं व युवतियां आरती की थाल सजाए पूजा पंडालों में पहुंची। जय गणेश देवा व गणपति बप्पा मोरिया के जयकारों से पूजा पंडाल गूंजने लगे। आरती के बाद भजन-कीर्तन का दौर शुरू हुआ। धार्मिक गीतों पर लोग रह-रहकर झूमते नजर आए। कार्यक्रम में शामिल होने आए लोग भगवान गणेश की महिमा सुन कर मंत्रमुग्ध दिखे। जमुनहा ब्लॉक के पटना वीरगंज बाजार, नासिरगंज, हरदत्तनगर गिरंट सहित कई स्थानों पर गणेश पूजा महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इसी प्रकार लक्ष्मननगर, गिलौला, इकौना, व सिरसिया क्षेत्र में भी कई स्थानों पर पूजा पंडाल सजाए गए हैं। पंडालों में सुबह-शाम आरती के साथ अन्य कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
मिली अनुमति आज से शुरू होगी पूजा
श्रावस्ती: सोनवा थाना क्षेत्र के लक्ष्मननगर में भगवान श्रीगणेश की पूजा-अर्चना में व्याप्त अवरोध समाप्त हो गया है। यहां के संतोष कुमार जायसवाल पुत्र बदलूराम के प्रार्थना पत्र पर जिलाधिकारी दीपक मीणा ने निजी परिसर में कथा-प्रवचन कराने की अनुमति दे दी है। इसके साथ ही शनिवार से यहां भव्य आयोजन शुरू होगा। डीएम की ओर से अनुमति जारी होने के बाद स्थानीय लोगों में खुशी की लहर दौड़ गई।