दोपहर की धूप भी ठंड पर बेअसर
जागरण संवाददाता, श्रावस्ती : बुधवार दिन की शुरूआत घने कोहरे के साथ हुई। दिन चढ़ने के सा
जागरण संवाददाता, श्रावस्ती : बुधवार दिन की शुरूआत घने कोहरे के साथ हुई। दिन चढ़ने के साथ ही साथ हवा की गति में इजाफा होता गया। जिससे मौसम में ठंड का असर बढ़ता गया। दोपहर को धूप निकली जरूर लेकिन बेहद हल्की धूप लोगों को ठंड से राहत नहीं दे सकी। लेकिन दोपहर धूप निकलने के बाद लोगों ने तमाम जरूरी काम निपटाए।
बुधवार दिन की शुरूआत घने कोहरे के साथ हुई। ऐसे में लोगों को राह चलने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। सुबह आठ बजे तक दृश्यता मात्र एक सौ मीटर होने से सड़कों पर वाहन रेंगते हुए नजर आए। ऐसे में वाहन चालकों को अपने-अपने वाहनों की हेड लाइट जलाकर वाहन चलाने पड़े। दोपहर बाद हल्की धूप निकली जरूर लेकिन यह धूप लोगों को ठंड से राहत न दे सकी। दोपहर को धूप निकलने के साथ ही दिन में चली बर्फीली हवा ने लोगों को भरपूर ठंड का अहसास कराया। ठंड के चलते लोग पूरा दिन ठंड से ठिठुरते रहे। हालांकि दोपहर को निकली हल्की धूप के बाद बाजारों में थोड़ी चहल-पहल जरूर देखी गई। लोगों ने अपने घरों की छतों पर बैठकर धूप का आनंद लिया।
इनसेट ==
यह रहा मौसम का हाल ==
बुधवार को जिले का न्यूनतम तापमान आठ डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। दिन में आद्रता अर्थात मौसम में नमी का प्रतिशत 72 रहा। दिन में छह किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से पश्चिमी दिशा से हवा चलती रही।