सेवा दिवस के रूप में मना सोने लाल पटेल का परिनिर्वाण दिवस
अपनादल के कार्यकर्ताओं ने अस्पताल में मरीजों को बांटे फल
श्रावस्ती : अपना दल के संस्थापक सोने लाल पटेल का परिनिर्वाण दिवस पार्टी के कार्यकर्ताओं ने सेवा दिवस के रूप में मनाया। कार्यकर्ताओं ने मिश्रा सेवा अस्पताल में मरीजों को फल भी वितरित किया।
अपना दल के जिला उपाध्यक्ष राकेश कुमार मिश्रा के इकौना स्थित आवास पर आयोजित कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष महेंद्र कुमार पटेल ने सोने लाल पटेल के संघर्षमयी जीवन पर प्रकाश डालते हुए उन्हें सर्व समाज का सच्चा हितैषी बताया। व्यापार प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष विनोद सोनी ने कहा कि सोने लाल दबे कुचले समाज के लोगों की राजनीति, सरकारी नौकरी एवं व्यापार में भागीदारी चाहते थे। जिनके सपनों को साकार करने के लिए अब अनुप्रिया पटेल लगातार संघर्ष कर रही हैं। उपाध्यक्ष ने कहा कि आजकल देश में फैल रही सांप्रदायिकता को रोकने के लिए लोगों को जाति-धर्म से ऊपर उठकर मानवता को अपनाकर सोनेलाल पटेल के विचारों को आत्मसात करने की जरूरत है। राजेश कुमार कैराती, श्रवण कुमार वर्मा, राम सुहावन वर्मा, बृजेश कुमार, हरीश नंदा, नूरे आलम, समय दीन यादव मौजूद रहे।