जमीनी विवाद में चाचा-भतीजों में खूनी संघर्ष, चाचा की मौत
नौ घायल दोनों पक्षों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज जांच-पड़ताल कर रही पुलिस
संसू, मल्हीपुर(श्रावस्ती): मल्हीपुर थाना क्षेत्र के रानीसीर के बेगमपुर में जमीनी विवाद को लेकर चाचा व भतीजों के बीच खूनी संघर्ष हो गया। इसमें नौ लोग घायल हो गए। चाचा की इलाज के दौरान संयुक्त जिला चिकित्सालय में मौत हो गई। पुलिस ने गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। दूसरे पक्ष से भी रिपोर्ट दर्ज की गई है।
बद्री प्रसाद व उदय भान दोनों सगे भाई हैं। सोमवार शाम को खेत में मेड़ कटान को लेकर विवाद होने लगा। विवाद के दौरान मारपीट होने लगी। दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे व धारदार हथियार चले। खूनी संघर्ष में बड़े भाई बद्री प्रसाद पर उनके छोटे भाई उदयभान के लड़कों द्वारा धारदार हथियार से हमला बोल दिया। इसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गए। इलाज के लिए सीएचसी मल्हीपुर में भर्ती कराया गया। हालत में सुधार न होने पर प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें संयुक्त जिला चिकित्सालय भिनगा रेफर कर दिया। यहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। थाना प्रभारी बृजेश द्विवेदी ने बताया कि मृतक के पुत्र हुकुम सिंह की तहरीर पर गुंजी, दुर्गेश, लोकू व चंद्रा के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। दूसरे पक्ष से भी रिपोर्ट लिखी गई है। हमलावर फरार हैं। गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। उन्होंने बताया कि गैर इरादतन हत्या का कारण जमीनी विवाद है। उन्होंने बताया कि घायलों का चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया है।