श्रावस्ती की बीना शुक्ला ने पहले प्रयास में उत्तीर्ण किया जेआरएफ, 209वीं रैंक लाकर रचा इतिहास
श्रावस्ती के दोआबा क्षेत्र की बीना शुक्ला ने भूगोल विषय से पहले प्रयास में यूजीसी नेट-जेआरएफ उत्तीर्ण कर जिले का नाम रोशन किया है।

HighLights
बीना शुक्ला ने भूगोल विषय में जेआरएफ परीक्षा उत्तीर्ण की।
पहले प्रयास में 209वीं रैंक हासिल कर जिले का नाम रोशन किया।
ग्रामीण बेटियों के लिए प्रेरणा बनीं, सिविल सेवा की तैयारी।
जागरण संवाददाता, इकौना(श्रावस्ती)। इकौना के दोआबा क्षेत्र के राधानगर की बेटी बीना शुक्ला ने अपनी प्रतिभा और दृढ़ संकल्प से भूगोल विषय से पहले प्रयास में यूजीसी नेट-जेआरएफ उत्तीर्ण कर जिले का नाम रोशन किया है। उन्होंने 209वीं रैंक प्राप्त की है।
राधानगर सेमरी चकपिहानी निवासी बीना की प्रारंभिक शिक्षा भिनगा स्थित लव विद्या पीठ से हुई। इसके बाद राजा वीरेंद्रकांत सिंह महाविद्यालय से स्नातक की शिक्षा पूरी की। राजनीति विज्ञान में परास्नातक किया है। विषय के बदलाव के बावजूद भूगोल में जेआरएफ पास कर उन्होंने अपनी मेहनत और अध्ययन क्षमता प्रदर्शित किया है।
बीना ने यह सफलता हासिल कर ग्रामीण क्षेत्र की उन बेटियों के लिए मिसाल पेश किया है, जो सीमित संसाधनों के बीच बड़े सपने देखती हैं। बीना सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी कर रही हैं। उनका सपना प्रशासनिक सेवा में जाकर समाज और ग्रामीण क्षेत्र के विकास में योगदान देना है।
संस्कृत सामान्य ज्ञान में शिवा व संस्कृत गीत प्रतियोगिता में शर्वा अव्वल
श्रावस्ती: उप्र संस्कृत संस्थान लखनऊ के तत्वावधान में मंगलवार को कटरा स्थित चंद्रभान संस्कृत शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान में जिला स्तरीय संस्कृत प्रतिभा खोज प्रतियोगिता हुई। संस्कृत सामान्य ज्ञान में शिवा व संस्कृत गीत प्रतियोगिता में शर्वा मिश्र अव्वल रहीं।
संस्थान के प्रबंधक मुकेश ने बताया कि संस्कृत सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता में शिवा सिंह पहले, उन्नति दूसरे व ऋतिक कसौधन तीसरे स्थान पर रहे। संस्कृत गीत प्रतियोगिता में शर्वा मिश्र ने प्रथम, दीपांशु पांडेय ने द्वितीय व विनायक मिश्र ने तृतीय स्थान हासिल किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सभी विजयी प्रतिभागियों को अतिथियों ने प्रशस्ति-पत्र व स्मृति-चिह्न देकर सम्मानित किया।
