वन्यजीव संरक्षण के लिए उठाए जाएंगे ठोस कदम
सिरसिया : सुहेलदेव वन्य जीव विहार को पक्षी विहार के रूप में विकसित करने के लिए सिरसिया ब्लॉक सभागार
सिरसिया : सुहेलदेव वन्य जीव विहार को पक्षी विहार के रूप में विकसित करने के लिए सिरसिया ब्लॉक सभागार में अधिकारियों व स्वयंसेवी संस्थाओं के साथ बैठक हुई। इसकी अध्यक्षता जिलाधिकारी ने की। बैठक में जंगल में पाए जाने वाले विविध जीव जन्तुओं के अनुकूल माहौल बनाए रखने समेत अन्य विषयों पर चर्चा हुई। डीएम ने कहा कि सुहेलदेव वन्यजीव विहार संरक्षित वन क्षेत्र है। यहां की सूखी लकड़ियां भी निकालने के लिए जंगल में कोई नहीं जा सकता है। उन्होंने थाना प्रभारी को निर्देशित करते हुए कहा कि क्षेत्र के सभी ईट भट्ठा व भट्ठी संचालकों को इस आशय से अवगत करा दें। 15 दिन बाद अभियान चलाकर जांच की जाएगी। इस दौरान जंगल की लकड़ी पाई गई तो संबंधित के विरुद्ध कठोर कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा थारू कल्चर को जीवित रखने के लिए भी हम सबको संवेदनशील रहने की जरूरत है। वन्यजीव प्रेमी निहारिका सिंह ने कहा कि श्रावस्ती क्षेत्र के जंगल में गिद्ध, तितलियां व कठफोड़वा की कई प्रजातियां पाई जाती हैं। इनका संरक्षण हो तथा संख्या बढ़ती रहे, इस पर काम करने की जरूरत है। बैठक में प्रतिनिधि ब्लॉक प्रमुख अमित शुक्ला अप्पू, पक्षी विशेषज्ञ तोबी सिंकलायर, सुहेलदेव वन्य जीव विहार वन सुरक्षा एंव ग्रामीण विकास मंच के अध्यक्ष राजेंद्र पासवान, उपाध्यक्ष दयानंद शर्मा आदि ने भी विचार व्यक्त किए। यहां एसडीएम भिनगा, सियाराम वर्मा, बलीराम, विजय सोनी, जुगुनू खां, प्रेम सिंह, ग्राम प्रधान रामजी, राजू आदि मौजूद रहे।