प्लाट पर कब्जा, पुलिस पर साठगांठ का आरोप
कांधला कस्बा निवासी एक विधवा महिला ने एक प्लाट खरीद रखा था। महिला अपने प्लाट में रह रही थी। आरोप है कि कस्बे के दो दरोगाओं ने दूसरे लोगों से साठगांठ कर विधवा के प्लाट पर कब्जा करा दिया है।
शामली, जेएनएन। कांधला कस्बा निवासी एक विधवा महिला ने एक प्लाट खरीद रखा था। महिला अपने प्लाट में रह रही थी। आरोप है कि कस्बे के दो दरोगाओं ने दूसरे लोगों से साठगांठ कर विधवा के प्लाट पर कब्जा करा दिया है। विधवा पिछले कई दिनों से थाने के चक्कर काट रही है।
कस्बे के मोहल्ला खैल निवासी महिला हनीफा के पति रईस की कई वर्ष पूर्व मौत हो चुकी है। महिला के पांच बच्चे हैं। दो साल पहले महिला ने पीर मखदूम सहाब के पास इस्लाम से 88 गज का एक प्लाट लिया था। महिला ने प्लाट लेने के बाद ही उसका बैनामा भी अपने नाम करा लिया था। उसके बाद महिला अपने प्लाट में झोपड़ी डालकर रह रही थी। आरोप है कि एक सप्ताह पहले मोहल्ले के कई लोग कस्बे के दारोगा से मिले। आरोप है कि उन्होंने दोनों दरोगाओं से साठगांठ कर फर्जी कागजात दिखा विधवा के प्लाट में दूसरे लोगों का कब्जा करा दिया। महिला ने मामले की शिकायत की, तो जिस व्यक्ति से महिला ने प्लाट खरीदा था, उसने अपना बैनामा लाकर पुलिस को दिखाया। आरोप है कि उसके बाद भी पुलिस का दिल नहीं पसीजा। मंगलवार शाम महिला एक बार फिर थाने आयी। महिला ने अपने प्लाट पर उल्टा कब्जा कराए जाने को लेकर दरोगा पर चार हजार रुपए लेने का आरोप लगाया। पीड़ित महिला अपने प्लाट पर कब्जा हटवाने को कई दिनों से थाने के चक्कर काट रही है। दोनों दरोगा ने रुपए लिए जाने से साफ इन्कार किया है। थाना प्रभारी सुशील कुमार दुबे का कहना है कि मामला उनके संज्ञान में नहीं है। जांच कराकर उचित कार्रवाई की जाएगी।