देहरादून से वरमाला और ढोल के साथ 'बरात लेकर पहुंची दुल्हन' के दिल के अरमा आंसुओं में बह गए!
देहरादून की एक युवती अपने प्रेमी की दूसरी शादी की खबर सुनकर ढोल और वरमाला लेकर उसके शामली स्थित घर पहुंची। युवक के बरात लेकर दिल्ली चले जाने के बाद युवती मायूस होकर वापस लौट गई।

शामली के एलम में वरमाला और बैनर के साथ पहुंची युवती और थाने में पुलिस को तहरीर देने के दौरान युवती व अन्य। जागरण
HighLights
शामली के युवक से शादी के इरादे से पहुंची थी युवती।
पुलिस ने उत्तराखंड का मामला बताकर लौटाया।
संवाद सूत्र, एलम (शामली)। दूसरी युवती से शादी तय होने की भनक लगते ही प्रेमिका देहरादून से परिवार संग ढोल के साथ हाथों में वरमाला लेकर प्रेमी के घर पहुंची थी। उसने दूसरे दिन शुक्रवार को भी युवक के कस्बे एलम में डेरा डाल लिया था। मामला पुलिस तक भी पहुंचा था।
हालांकि शिकायत के बाद भी बात नहीं बनी। इसके बाद युवती मायूस होकर अपने घर लौट गई। शनिवार को युवक बरात लेकर दुल्हन लाने दिल्ली चला गया।
2016 से अफेयर की कही थी बात
देहरादून निवासी युवती ने बताया कि कस्बा एलम निवासी युवक से उसका 2016 से प्रेम प्रसंग चल रहा है। वर्ष 2019 में उसकी बहन की शादी में भी थी, जिसमें वह तीन दिन तक उसके घर आकर रही थी। आरोप है कि इसके बाद युवक ने उससे दूरी बना ली थी। कई महीने संपर्क न होने पर वर्ष 2021 में उसने देहरादून के स्थानीय थाने में उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। तब युवक ने उसके पास पहुंचकर शादी का आश्वासन दिया था।
हालांकि कुछ समय बाद उसने फिर से बातचीत बंद कर दी थी। युवती को जानकारी मिली कि युवक की शादी दिल्ली में तय हो गई है। शुक्रवार को उसका मंढा है और शनिवार को बरात जानी है। इस पर गुरुवार को युवती अपनी मां, बहन और मामी के साथ ढोल, वरमाला और बैनर लेकर एलम स्थित युवक के घर पहुंच गई थी।
'देहरादून से बरात लेकर पहुंची दुल्हन, बदली परंपरा' लिखा बैनर लेकर आई
बैनर पर युवक की फोटो के साथ लिखा था कि 'देहरादून से बरात लेकर पहुंची दुल्हन, बदली परंपरा'। स्वजन संग पहुंची युवती को देख युवक की भाभी ने पहले खुशी में नाचने का नाटक किया, लेकिन इसके बाद दोनों पक्षों के बीच नोकझोंक शुरू हो गई। हंगामा होने पर मुहल्ले के लोग एकत्र हो गए। मामला पुलिस तक भी पहुंचा। और दोनों पक्षों को शांत कराने का प्रयास किया।
युवती ने युवक के घर में ही छिपे होने की बात कही थी, जिसके बाद पुलिस ने युवती को साथ लेकर पूरे मकान की तलाशी ली, लेकिन युवक नहीं मिला। बाद में युवती कांधला थाने पर युवक के खिलाफ तहरीर देने पहुंची। जिस पर पुलिस ने मामला उत्तराखंड राज्य का मामला होने की बात कहते हुए वापस भेज दिया था। इसके बाद युवती देहरादून रवाना हो गई। शनिवार को युवक बरात लेकर दिल्ली चला गया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।