वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाने को नया शेड्यूल जारी, 18 वर्ष उम्र पूरी करने वाले करें आवेदन; शामली प्रशासन ने की अपील
मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण का नया शेड्यूल जारी हो गया है। एक जनवरी 2027 तक 18 वर्ष पूरे ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक फोटो
HighLights
17 नवंबर को ड्राफ्ट रोल प्रकाशन के साथ शुरू होगी प्रक्रिया, 16 दिसंबर तक दर्ज कराएं दावे व आपत्तियां।
18 साल की उम्र पूरी कर रहे युवाओं को मौका, ऑनलाइन या बीएलओ के पास जमा होंगे फार्म-छह से आठ।
जागरण संवाददाता, शामली। यदि आप जिले के निवासी हैं और आपकी उम्र एक जनवरी 2027 तक 18 साल पूरी हो रही है, तो यह खबर आपके काम की है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी के निर्देश पर भारत निर्वाचन आयोग ने मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण का नया शेड्यूल जारी कर दिया है।
जिले में नए मतदाताओं के नाम जोड़ने और मतदाता सूची को दुरुस्त करने के लिए विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम का नया शेड्यूल जारी हो चुका है। एक जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले सभी पात्र नागरिक अपना नाम वोटर लिस्ट में दर्ज करा सकेंगे। जिला प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे समय रहते सूची में अपने और परिवार के नाम की जांच कर लें।
सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी प्रमोद कुमार ने बताया कि नए कार्यक्रम के तहत 17 नवंबर 2026 को मतदाता सूची का प्रारूप (ड्राफ्ट) प्रकाशित किया जाएगा। इसके बाद 17 नवंबर से 16 दिसंबर 2026 तक नागरिक अपने दावे और आपत्तियां दर्ज करा सकेंगे। प्राप्त सभी आवेदनों का निस्तारण 28 दिसंबर 2026 तक पूरा कर लिया जाएगा, जिसके बाद चार जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन होगा।
किस काम के लिए कौन सा फार्म भरें
- जिन युवाओं की आयु एक जनवरी 2027 को 18 वर्ष पूरी हो रही है, वे वोटर लिस्ट में नाम शामिल कराने के लिए फार्म-छह भरें। इसके अलावा एक अप्रैल, एक जुलाई और एक अक्टूबर 2027 को 18 साल की उम्र पूरी करने वाले युवा भी अग्रिम रूप से फार्म-छह जमा कर सकते हैं।
- यदि किसी मृतक या स्थानांतरित व्यक्ति का नाम सूची से हटवाना है, तो फार्म-सात का उपयोग करें।
- नाम, पते में सुधार, फोटो बदलने या डुप्लीकेट वोटर आईडी कार्ड प्राप्त करने के लिए फार्म-आठ भरना होगा।
ऐसे करें आवेदन
नागरिक अपने आवेदन आफलाइन और आनलाइन दोनों तरीकों से जमा कर सकते हैं। आफलाइन में अपने मतदान केंद्र के बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) या संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के कार्यालय में जाकर फार्म जमा करें। आनलाइन के लिए निर्वाचन आयोग के आधिकारिक पोर्टल या वोटर हेल्पलाइन ऐप के जरिए घर बैठे आवेदन करें।