विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'रास्ते में एनकाउंटर न हो जाए, बेड़ियों व बुलेटप्रूफ में कोर्ट लाएं', UP पुलिस से कांपे तिहाड़ जेल में बंद गैंगस्टर

By Akash Sharma Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Sun, 08 Nov 2026 07:00 AM (IST)

अंकित बालियान हत्याकांड के आरोपित तिहाड़ जेल में बंद दो गैंगस्टरों को यूपी पुलिस और एसटीएफ से एनकाउंटर का डर ...और पढ़ें

AI जेनरेट‍िड फोटो

AI जेनरेट‍िड फोटो

HighLights

  1. 12 नवंबर को अंकित बालियान हत्याकांड में कैराना कोर्ट में होगी दोनों आरोपितों की पेशी।

  2. इससे पहले राकेश उर्फ पंपू ने भी एसटीएफ से जताया था डर, कोर्ट से की थी सुरक्षा की मांग।

जागरण संवाददाता, शामली। हरियाणवी कलाकार अंकित बालियान हत्याकांड में साजिश रचने के आरोपित दिल्ली की तिहाड़ जेल में बंद दो गैंगस्टरों को उत्तर प्रदेश पुलिस और एसटीएफ की कार्रवाई का डर सता रहा है। दोनों ने अपनी सुरक्षा को लेकर अदालत में अर्जी दाखिल की है।

उन्होंने आशंका जताई है कि उत्तर प्रदेश पुलिस उनका एनकाउंटर कर सकती है। इसके चलते उन्हें बुलेटप्रूफ जैकेट पहनाकर और हाथ-पैर में बेड़ियां डालकर कड़ी सुरक्षा के बीच पेशी पर लाने की मांग की गई है। अदालत ने उनकी अर्जी स्वीकार करते हुए पुलिस को सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं। दोनों को 12 नवंबर को कैराना स्थित न्यायालय में पेश किया जाएगा।

शामली के गांव बंतीखेड़ा निवासी अंकित बालियान की हत्या करने की जिम्मेदारी गोगी गैंग के भोलू शाहपुरिया ने ली थी। शामली पुलिस गोगी गैंग के दो शूटर सुमित और मोहित निवासी सोनीपत को ढेर कर चुकी है। जबकि दो शूटर और भोलू अभी फरार है। पुलिस जांच में हत्याकांड में 20 लोगों के नाम सामने आए थे। जिनमें 10 से अधिक लोग दिल्ली की तिहाड़ और हरियाणा की कई जेलों में बंद हैं।

तिहाड़ जेल में बंद योगेश उर्फ टुंडा और दीपक उर्फ तीतर को 12 नवंबर को तिहाड़ जेल से कैराना कोर्ट में पेश किया जाएगा। बताया गया क‍ि दोनों की ओर से दिल्ली की कोर्ट में सुरक्षा संबंधी अर्जी दाखिल की गई है। इसमें कहा गया कि उन्हें उत्तर प्रदेश पुलिस से खतरा है। आशंका जताई कि यदि उन्हें सामान्य तरीके से पुलिस अभिरक्षा में शामली लाया गया तो रास्ते में उनका एनकाउंटर किया जा सकता है।

ऐसे में उन्हें बुलेटप्रूफ जैकेट उपलब्ध कराने और बेड़ियों में बांधकर कड़ी सुरक्षा के बीच लाने की व्यवस्था की जाए। अदालत ने अर्जी स्वीकार करते हुए पुलिस को उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। इससे पहले करनाल जेल में बंद राकेश उर्फ पंपू ने भी उत्तर प्रदेश पुलिस और एसटीएफ से जान का खतरा बताते हुए अदालत से सुरक्षा की गुहार लगाई थी।

राकेश पंपू ने पुलिस अभिरक्षा के दौरान हथकड़ी-बेड़ियां लगाने और पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराने की मांग की थी। अब तिहाड़ जेल में बंद योगेश उर्फ टुंडा और दीपक उर्फ तीतर की ओर से भी इसी तरह सुरक्षा की मांग किए जाने से मामला चर्चा में है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।