दिनभर बंद रहे तीन पेट्रोल पंप
कैराना बायोटेक कंपनी के पंपों पर फर्जीवाड़े से संबंधित समाचार प्रकाशित होते ही पंप संच
कैराना : बायोटेक कंपनी के पंपों पर फर्जीवाड़े से संबंधित समाचार प्रकाशित होते ही पंप संचालकों में हड़कंप मच गया है। आनन-फानन में पेट्रोल की सप्लाई रोक दी गई, जिससे पूरे दिन पंप सूने पड़े रहे।
क्षेत्र में बायोटेक पंपों की आड़ में पूर्ति विभाग की मिलीभगत से मिलावटी डीजल व पेट्रोल का कारोबार बेखौफ जारी था। खुलेआम कानून को ठेंगा दिखाकर पंप संचालक डीजल व पेट्रोल बेच रहे थे। यह डीजल मिलावटी था। पेट्रोप पंप संचालक लोगों के साथ धोखा कर रहे थे। आपूर्ति विभाग के अधिकारी सब कुछ जानते हुए भी इससे अंजान बने हुए थे। पंप संचालकों व पूर्ति विभाग की मिलीभगत से राजस्व को चूना लगाया जा रहा था।
इस संबंध में गुरुवार को समाचार प्रकाशित होते ही कल तक अनुमति की बात कहने वाले पेट्रोल पंप संचालकों ने तत्काल बॉयोटेक पंपों पर पेट्रोप की बिक्री बंद कर दी। दिन-रात गुलजार रहने वाले पंप पर सन्नाटा पसरा रहा। एसडीएम डा. अमित पाल शर्मा ने इस मामले में पूर्ति निरीक्षक को जांच कर रिपोर्ट प्रेषित करने के निर्देश दिये हैं।
काफूर हुए अरमान
बॉयोटेक कम्पनी के पंप का संचालन कर मिलावटखोरी का बड़ा धंधा चलाने वाले पंप संचालकों के अरमान गुरुवार को ध्वस्त हो गए। आपूर्ति विभाग से सेटिग कर जिस तरह बड़ा फर्जीवाड़ा किया जा रहा था व जनता के साथ ही अधिकारियों के सामने भी आ गया है। नगर के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी मिलावटखोरों की जड़े फैली हुई है। यहां बायो डीजल सेंटरों पर मिलावट का धंधा चल रहा था।
इन्होंने कहा.
पूरे मामले की जांच कराई जा रही है। पेट्रोल बेचने का लाइसेंस नहीं मिला तो आरोपितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
डा. अमितपाल शर्मा, एसडीएम कैराना।