महिलाओं को मिनी सरस हॉट में दुकान आवंटित
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत कांधला क्षेत्र के गांव गंगेरू में एमएलसी विरेंद्र सिंह और मुख्य विकास अधिकारी शंभूनाथ तिवारी ने एक दर्जन से अधिक स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को मिनी सरस हॉट में दुकान आवंटित की।
शामली, जेएनएन। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत कांधला क्षेत्र के गांव गंगेरू में एमएलसी विरेंद्र सिंह और मुख्य विकास अधिकारी शंभूनाथ तिवारी ने एक दर्जन से अधिक स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को मिनी सरस हॉट में दुकान आवंटित की। इससे महिलाएं आर्थिक रूप से सशक्त हो सकेंगी।
खंड विकास क्षेत्र के गांव गंगेरू में वर्ष 2009-10 में बीस लाख रूपये की कीमत से एसजीएसवाई योजना के अंतर्गत स्वयं सहायता समूह के उत्पाद बेचने के लिए मिनी सरस हॉट का निर्माण कराया गया था। मिनी सरस हॉट के बनने के बाद उक्त दुकानों का आवंटन नहीं हा पाया था, जिसके चलते उक्त दुकान जर्जर हालत में हो गई थी। तीन माह पूर्व ग्राम प्रधानपति संजीव चौधरी के प्रयास से मिनी सरस हॉट का पच्चीस लाख रूपये की कीमत से जीर्णोद्धार कराया गया। मिनी सरस हॉट में जनपद शामली के पच्चीस स्वयं सहायता समूहों को रविवार को पूर्व कैबिनेट मंत्री विरेंद्र सिंह एवं सीडीओ शंभूनाथ तिवारी के द्वारा मिनी सरस हॉट का फीता काटकर शुभारंभ करने के बाद स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं की दुकान आवंटित की गई। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व कैबिनेट मंत्री विरेंद्र सिंह ने कहा कि स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं के द्वारा जो उत्पाद तैयार किए जाते है, उन उत्पादों को मिनी सरस हॉट में बेचकर उत्पादन को बढ़ाया जा सकेगा। सीडीओ शंभूनाथ तिवारी ने कहा कि सरकार महिला सशक्तिकरण को प्रतिबंध है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन ग्रामीण आंचल में गरीब लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा करेगा। इस मौके पर डीपीआरओ आलोक शर्मा, डीसी शैलेन व्यास, बीडीओ सुभाष कुमार, एडीओ सुशील मलिक के द्वारा भी कार्यक्रम में मौजूद लोगों को संबोधित किया गया। कार्यक्रम में राजपाल प्रधान, वकील जंग प्रधान, विक्की प्रधान, रणवीर सिंह प्रधान, सालिम प्रधान सहित सैंकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे।