फकीर को 200 रुपये देना मानों गुनाह हो गया... ससुराल वालों ने विवाहिता को खूब मारापीटा व तीन तलाक दे गली में फेंका
शामली के जिड़ाना गांव में एक विवाहिता को फकीर को 200 रुपये देने पर ससुराल वालों ने बेरहमी से पीटा और तीन तलाक देकर घर से बाहर फेंक दिया। घायल महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है।

(प्रतीकात्मक फोटो)
HighLights
जिड़ाना गांव में मारपीट के बाद घायल विवाहिता को गली में फेंका, अस्पताल में भर्ती
पीड़ित महिला की तहरीर पर पुलिस जांच में जुटी, ससुराल पक्ष पर प्रताड़ना के आरोप
संवाद सूत्र, जागरण. कांधला (शामली)। गांव जिड़ाना में फकीर को सदके के 200 रुपये देने पर ससुरालियों ने विवाहिता को पीटकर गली में फेंक दिया। आरोप है कि विरोध करने पर पति ने तीन तलाक दे दिया। मायके वालों ने घायल महिला को अस्पताल पहुंचाया और पुलिस को तहरीर दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बुढ़ाना के सपीपुर पट्टी की आयशा की शादी करीब चार साल पहले कांधला क्षेत्र के गांव जिड़ाना के जब्बार से हुई थी। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि शादी के बाद से ही आयशा को ससुराल में परेशान किया जा रहा था। आरोप है कि आयशा के विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की जाती थी। कई बार परिवार के लोगों ने समझौते से मामला शांत कराया।
पीड़िता का कहना है कि तीन दिन पहले उसने सदके के 200 रुपये एक फकीर को दे दिए। इसी बात पर सास, ससुर और पति भड़क गए और मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि आयशा के बेहोश होने पर उसके चेहरे पर पानी डालकर फिर पीटा गया। इसके बाद उसे घर से निकालकर गली में डाल दिया गया, जहां वह दर्द से कराहती रही।
आरोप है कि इसी दौरान पति ने तीन तलाक दे दिया और मायके वालों को फोन कर उसे ले जाने को कहा। खबर मिलते ही मायके वाले जिडाना पहुंचे और आयशा को कांधला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। वहां प्राथमिक इलाज के बाद डाक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पीड़िता ने पति और ससुरालियों के खिलाफ थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। कांधला थाना प्रभारी निरीक्षक बच्चू सिंह ने बताया कि तहरीर मिल गई है और मामले की जांच की जा रही है।