पहले आओ-पहले पाओ के आधार पर मिलेगा गेहूं का बीज...साथ ही अनुदान भी, पंजीकरण सिर्फ 16 नवंबर तक ही
शामली में किसानों को रबी सीजन के लिए 50% अनुदान पर गेहूं का बीज 'पहले आओ-पहले पाओ' के आधार पर ...और पढ़ें

(प्रतीकात्मक फोटो)
HighLights
16 नवंबर के बाद बंद हो जाएगी बुकिंग प्रक्रिया, पहले आओ-पहले पाओ के आधार पर मिलेगा लाभ
दलहन-तिलहन बीज के चयनित लाभार्थी 17 नवंबर तक उठा लें अपना कोटा, फिर रद होगा आवंटन
जागरण संवाददाता, शामली। रबी सीजन की बुवाई के लिए 50 प्रतिशत अनुदान पर सरकारी गेहूं बीज लेने की सोच रहे किसानों के पास सिर्फ तीन दिन का समय बचा है। कृषि विभाग ने स्पष्ट कर दिया है कि शेष बचे लक्ष्य की बुकिंग 16 नवंबर को पूरी तरह बंद कर दी जाएगी। वहीं, दलहन और तिलहन बीज के चयनित किसानों को भी 17 नवंबर तक अपना बीज उठाने का अंतिम समय दिया गया है।
वर्तमान रबी अभियान के तहत जिले को सामान्य वितरण योजना में कुल चार हजार 85 क्विंटल गेहूं बीज बांटने का लक्ष्य मिला है। इसमें से तीन हजार 510 क्विंटल बीज कृषि विभाग के राजकीय भंडारों के माध्यम से और शेष 575 क्विंटल सहकारिता विभाग के जरिए किसानों को उपलब्ध कराया जाना है। विभाग द्वारा गांव-गांव चलाए गए प्रचार-प्रसार अभियान के चलते अब तक तीन हजार 250 क्विंटल गेहूं बीज की बुकिंग हो चुकी है। लाटरी और आटो-कंफर्म प्रक्रिया के जरिए इनमें से करीब तीन हजार क्विंटल बीज का वितरण भी किया जा चुका है।
वर्तमान में कृषि विभाग के पास महज 260 क्विंटल बीज की बुकिंग का ही कोटा शेष रह गया है। सभी राजकीय कृषि भंडारों पर पर्याप्त मात्रा में बीज उपलब्ध है। जिला कृषि अधिकारी प्रदीप यादव ने किसानों से अपील की कि वे अंतिम तारीख का इंतजार किए बिना अगले तीन दिनों के भीतर अपनी आनलाइन बुकिंग सुनिश्चित कर लें। इसके अलावा, जिन किसानों ने दलहन और तिलहन के मिनीकिट व सामान्य वितरण के लिए आवेदन किया था और जिनके मोबाइल पर चयन का एसएमएस आ चुका है। चयनित किसान को 17 नवंबर तक अपने नजदीकी राजकीय कृषि बीज भंडार पर जाकर बायोमेट्रिक प्रक्रिया पूरी कर बीज प्राप्त कर लें। निर्धारित तिथि तक बीज न उठाने वाले किसानों का चयन स्वतः निरस्त माना जाएगा। इसके बाद प्रतीक्षा सूची में शामिल अगले किसान को वरीयता के आधार पर यह बीज आवंटित कर दिया जाएगा।