PNB की एप्लीकेशन डाउनलोड कराने के नाम पर सवा लाख की ठगी, APK फाइल भेजकर जाल में फंसाया
शामली में ठगों ने पीएनबी वन ऐप के नाम पर एक चिकित्सक के पिता से सवा लाख रुपये की ठगी ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर।
HighLights
शामली में PNB ऐप के नाम पर ठगी हुई।
चिकित्सक के पिता ने सवा लाख रुपये गंवाए।
पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
जागरण संवाददाता, शामली। ठगों ने एपीके फाइल को अब बैंक के नाम से बनाकर खाता बंद कराने की बात कहते हुए ठगी का खेल शुरू किया है। शामली निवासी चिकित्सक के पिता को झांसे में लेकर सवा लाख रुपये की ठगी की गई। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हापुड़ में सरकारी अस्पताल में तैनात डा. जगमोहन कुमार के पिता शहर के मुहल्ला काका नगर में रहते हैं। उन्होंने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर बताया कि सात जनवरी को उनकी फेसबुक आइडी पर संदेश आया कि पंजाब नेशनल बैंक में खाता चालू रखने के लिए आपको पीएनबी वन एप्लीकेशन डाउनलोड करनी होगी। पीड़ित को एपीके फाइल भेजी गई। उन्होंने जब फाइल डाउनलोड कर ली तो उनके वाट्सएप पर मैसेज आया।
इसके बाद उनसे एप्लीकेशन को चालू करने के लिए ओटीपी पूछा गया। जैसे ही उन्होंने ओटीपी साझा किया तो उनके खाते से चार बार में एक लाख 27 हजार 999 रुपये कट गए। इसके बाद उनको ठगी का अहसास हुआ। उन्होंने इस संबंध में साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई। तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने भी मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
जागरूकता के लिए रखना होगा ध्यान
- अनजान नंबर से भेजे गए किसी भी लिंक पर क्लिक न करें।
- आपकी जान-पहचान वाले के नंबर से भी कोई अज्ञात लिंक आने पर बिना वेरिफाई किए क्लिक न करें।
- किसी भी व्यक्ति की ओर से भेजी गई एपीके फाइल पर क्लिक न करें।
- अपने फोन का बैकअप लें और फोन फार्मेट या रिसेट कर दें।
- यदि आपके साथ साइबर ठगी हो जाती है तो तुरंत साइबर हेल्पलाइन या साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराएं।