किशोरी को अगवा कर कराया मतांतरण, स्वजन पर भी मुस्लिम धर्म अपनाने का दबाव... यूं हुआ मामला दर्ज
कैराना में एक 16 वर्षीय किशोरी को इंस्टाग्राम पर फंसाकर हरियाणा ले जाकर मतांतरण कराया गया। पुलिस ने मुख्य आरोपी ...और पढ़ें

(प्रतीकात्मक फोटो)
HighLights
इंस्टाग्राम पर जाल में फंसाया गया, हरियाणा ले जाकर कराया मतांतरण
बघरा पहुंचकर पीड़ित मां ने दी थी आत्मदाह की चेतावनी, हुई कार्रवाई
पुलिस ने पांच आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू की।
संवाद सूत्र, जागरण, कैराना (शामली)। क्षेत्र के एक गांव निवासी 16 वर्षीय किशोरी को इंस्टाग्राम पर मुस्लिम युवक ने अपने जाल में फंसाया और हरियाणा के यमुनानगर ले जाकर मतांतरण कराने का दबाव बनाया। आरोप है कि युवक ने अपने माता-पिता और भाई समेत परिवार के अन्य लोगों के साथ मिलकर किशोरी को अगवा किया और उसे हिंदू धर्म छोड़कर मुस्लिम धर्म अपनाने के लिए मजबूर किया। इतना ही नहीं, किशोरी के भाई और अन्य स्वजन पर भी मुस्लिम धर्म अपनाने का दबाव बनाया गया था। मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपित समेत पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस किशोरी और आरोपितों की तलाश में जुटी है।
कैराना क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने गुरुवार को बघरा के योग साधना केंद्र में पहुंचकर स्वामी यशवीर से मुलाकात की थी। उन्होंने कहा था कि उनकी बेटी को मुस्लिम युवक ले गया और मतांतरण करा दिया। इसके बाद उसके दो बच्चों पर भी मुस्लिम बनने का दबाव बनाया गया। उन्होंने दो नवंबर को पुलिस से शिकायत की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। स्वामी यशवीर ने इस प्रकरण में अपना वीडियो प्रसारित कर कार्रवाई की मांग की और हिंदू पंचायत की चेतावनी दी थी।
पुलिस ने गुरुवार रात नामजद तहरीर पर यमुनानगर निवासी आसिफ, उसके पिता तैयब अली, मां शबीना, भाई अनस और यमुनानगर के बीबीपुर बुरिया निवासी जाकिर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस आरोपितों की तलाश कर रही है। महिला ने कार्रवाई नहीं होने पर बच्चों सहित आत्मदाह करने की चेतावनी भी दी थी। उसका वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हुआ था। कोतवाली प्रभारी सतीश कुमार ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। किशोरी की बरामदगी और आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है।