विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सोशल मीडिया पर अंकित बलियान हत्याकांड की जिम्मेदारी लेने वाला गिरफ्तार, वजह जान हर कोई हैरान

Published: Thu, 17 Sep 2026 10:40 AM (IST)

साइबर क्राइम पुलिस ने हरियाणवी सिंगर अंकित बलियान हत्याकांड की झूठी जिम्मेदारी लेने वाले भूपेंद्र ढींगरा को गिरफ्तार किया है। ...और पढ़ें

HighLights

  1. अंकित बलियान हत्याकांड में झूठी जिम्मेदारी लेने वाला गिरफ्तार।

  2. आरोपित ने लाइक्स-फॉलोअर्स बढ़ाने को फर्जी दावा किया।

  3. भूपेंद्र ढींगरा का वास्तविक हत्याकांड से कोई संबंध नहीं।

जागरण संवाददाता, शामली। हरियाणवी सिंगर अंकित बलियान हत्याकांड के मामले में इंटरनेट मीडिया पर फर्जी तरीके से हत्या की जिम्मेदारी लेने और जांच एजेंसियों को गुमराह करने वाले एक आरोपित को साइबर क्राइम थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

पुलिस पूछताछ में राजफाश हुआ है कि आरोपित ने महज लाइक्स और फॉलोअर्स बढ़ाने के लिए इस सनसनीखेज वारदात का झूठा दावा किया था।

बुधवार को एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह ने प्रेसवार्ता कर अंकित बालियान हत्याकांड की जिम्मेदारी लेने वाले आरोपित की विस्तार से जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, गत 26 अगस्त को शामली के नालापटरी स्थित एक फिटनेस जिम के बाहर चार अज्ञात हमलावरों ने ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर हरियाणवी सिंगर अंकित बलियान की हत्या कर दी थी।

इस सनसनीखेज वारदात के तुरंत बाद इंस्टाग्राम पर एक वीडियो तेजी से प्रसारित हुआ, जिसमें एक शख्स इस हत्याकांड को अंजाम देने की बात कबूल कर रहा था। वीडियो सामने आते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया और उच्चाधिकारियों ने साइबर सेल को मामले की गहराई से छानबीन करने के निर्देश दिए।

साइबर सेल की तकनीकी जांच में यह स्पष्ट हुआ कि उक्त भ्रामक वीडियो भूपेंद्र ढींगरा नामक इंटरनेट मीडिया अकाउंट से प्रसारित किया गया था। मूल रूप से गुरुग्राम की कृष्णा कॉलोनी का रहने वाला आरोपित भूपेंद्र ढींगरा पुत्र मोहन लाल ढींगरा वर्तमान में बेंगलुरु (कर्नाटक) में रह रहा था।

पुख्ता सुराग मिलने के बाद पुलिस टीम ने बुधवार को उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस जांच में यह पूरी तरह साबित हो चुका है कि गिरफ्तार आरोपित का वास्तविक हत्याकांड या इसके किसी भी शूटर से दूर-दूर तक कोई संबंध नहीं है।

आरोपित द्वारा इंटरनेट मीडिया पर किया गया यह दावा पूरी तरह फर्जी था, जिसका उद्देश्य मात्र पुलिस को भ्रमित करना और इंटरनेट पर सनसनी फैलाना था। साइबर क्राइम थाना पुलिस ने आरोपित के खिलाफ सुसंगत धाराओं के तहत वैधानिक कार्रवाई की है।

इंटरनेट मीडिया पर मशहूर होने के लिए डाली वीडियो

पुलिस की पूछताछ में आरोपित ने स्वीकार किया कि वह इंटरनेट मीडिया पर सक्रिय रहने वाला एक इंफ्लुएंसर है और वीडियो गानों में गायकी व अभिनय करता है। उसे इस बात की अच्छी तरह जानकारी थी कि चर्चित एवं गंभीर आपराधिक घटनाओं से जुड़ी पोस्ट इंटरनेट मीडिया पर बहुत जल्दी प्रसारित होती हैं और लोगों का ध्यान खींचती हैं।

इसी सस्ती लोकप्रियता, सब्सक्राइबर और लाइक्स बढ़ाने की लालसा के चलते उसने नशे की हालत में अंकित बलियान हत्याकांड की झूठी जिम्मेदारी लेने वाला वीडियो बना लिया और उसे इंटरनेट मीडिया पर अपलोड कर दिया।

यह भी पढ़ें- अंकित बालियान हत्याकांड: शूटरों के करीब पहुंची STF, हरियाणा में 8 टीमों ने डाला डेरा, यूपी में प्रवेश से पहले बदमाशों ने बदले थे कपड़े

यह भी पढ़ें- शामली में एंटी-वेनम से बची 145 सर्पदंश पीड़ितों की जान, सांप काटने से दो की गई जान