विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

शामली में ग्रामीणों ने JE को बंधक बनाकर बेहोश होने तक बेरहमी से पीटा, वीडियो वायरल

Published: Thu, 28 May 2026 08:48 PM (IST)

शामली के गोगवान गांव में बिजली आपूर्ति बहाल करने गई ऊर्जा निगम की टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। ...और पढ़ें

कैराना सीएचसी में भर्ती घायल अवर अभियंता प्रेम सिंह साथ में मौजूद ऊर्जा निगम के जेई व अन्य और मारपीट का वायरल वीडियो

कैराना सीएचसी में भर्ती घायल अवर अभियंता प्रेम सिंह साथ में मौजूद ऊर्जा निगम के जेई व अन्य और मारपीट का वायरल वीडियो

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

संवाद सूत्र, शामली। गांव गोगवान में बिजली आपूर्ति सुचारु और जांच करने पहुंची ऊर्जा निगम की टीम पर ग्रामीणों ने जानलेवा हमला कर दिया। हमलावरों ने ऊर्जा निगम के अवर अभियंता (जेई) को बंधक बना लिया और तब तक लात-घूंसों से पीटते रहे, जब तक कि वह बेहोश नहीं हो गए।

इस घटना का वीडियो भी इंटरनेट मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है। पुलिस ने जेई की तहरीर पर नामजद और अज्ञात हमलावरों के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट, जानलेवा हमला समेत कई धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।

पहले बनाया बंधक फिर की मारपीट

विद्युत उपकेंद्र पावटी कला पर तैनात अवर अभियंता प्रेम सिंह ने गुरुवार सुबह कोतवाली कैराना में तहरीर देकर बताया कि वे बिजली आपूर्ति संबंधी शिकायत मिलने पर अपने लाइनमैन के साथ गांव गोगवान पहुंचे थे। टीम ने गांव के ट्रांसफार्मर की मरम्मत की और बिजली चालू कराई।

आरोप है कि जब वे अपना काम पूरा वापस लौट रहे थे, तभी झिंझाना-कैराना मार्ग पर असलम पुत्र मीना, वाजिद पुत्र मीना, शोएब पुत्र मीना, मोमिना पत्नी असलम, अयूब पुत्र यामीन और करीब 15 से 20 अज्ञात लोगों ने उनकी बाइक को रोक लिया। जेई प्रेम सिंह का आरोप है कि भीड़ ने उन्हें घेरकर बंधक बना लिया और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग कर गाली-गलौज की।

विरोध करने पर पिटाई शुरू कर दी। आरोपितों ने उन्हें जमीन पर गिराकर उनकी गर्दन और सीने पर हमला किया। आरोपितों ने तब तक पिटाई की, जब तक वह बेहोश नहीं हुए। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस आनन-फानन में मौके पर पहुंची, जिसके बाद हमलावर भाग गए।

सिर में आईं गंभीर चोटें

पुलिस ने अवर अभियंता को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कैराना में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने उनके शरीर और सिर में गंभीर चोटों को देखते हुए सीटी स्कैन के लिए जिला अस्पताल में रेफर कर दिया। पूरी घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहा है।

सूचना पर मुख्य अभियंता विनोद कुमार मुजफ्फरनगर से शामली पहुंचे और अवर अभियंता को अस्पताल में देखने के बाद कोतवाली कैराना में पहुंचकर अधिकारियों से मुलाकात की। उन्होंने बताया कि आरोपितों के विरुद्ध पहले भी बिजली चोरी करने के प्रकरण में मुकदमा दर्ज हैं। इसके बावजूद फिर से चोरी कर रहे थे।

पुलिस ने तहरीर के आधार पर सरकारी कार्य में बाधा डालने, लोक सेवक पर जानलेवा हमला करने और एससी-एसटी एक्ट की गंभीर धाराओं के तहत नामजद समेत सभी आरोपितों पर मुकदमा दर्ज कर लिया। थाना प्रभारी समय पाल अत्री ने बताया कि आरोपितों की तलाश में दबिश दी जा रही है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

यह भी पढ़ें- बिजनौर में चोर को पकड़ने गई पुलिस टीम पर हमला, कार में की तोड़फोड़; 12 आरोपी गिरफ्तार