विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Delhi-Saharanpur Highway पर हुड़दंग, शादी में युवकों की आतिशबाजी से लगा जाम, सहम गए मार्ग से गुजर रहे लोग

By Anuj Kumar Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Tue, 03 Nov 2026 02:10 PM (IST)

शामली में दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर एक शादी समारोह के दौरान कुछ युवकों ने आतिशबाजी कर मार्ग जाम कर दिया। तेज ...और पढ़ें

हाईवे पर सड़क के बीच में आतिशबाजी करते लोग और लगा जाम l

हाईवे पर सड़क के बीच में आतिशबाजी करते लोग और लगा जाम l

HighLights

  1. हाईवे पर बीच सड़क में वाहनों के थमे पहिये, धुएं से बढ़ी लोगों की मुश्किलें l

  2. एनसीआर के जिले शामली में नियमों की उड़ाई गईं धज्जियां, राहगीरों में गुस्सा।

जागरण संवाददाता, शामली। दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर स्थित राजघराना बैंक्वेट हाल के बाहर शादी समारोह के दौरान कुछ युवकों ने डिवाइडर व सड़क के बीचों-बीच आतिशबाजी कर करीब 20 मिनट तक मार्ग जाम किया।

सड़क पर हुए तेज धमाकों और धुएं से वाहन चालकों व राहगीरों को सांस लेने में तकलीफ हुईं, जबकि गाड़ियों में बैठे छोटे बच्चे और महिलाएं सहम गए। घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहा है।

रविवार की रात करीब नौ बजे हाईवे पर एक तरफ शादी का जश्न चल रहा था, वहीं दूसरी तरफ बैंक्वेट हाल के बाहर युवकों ने नियमों को ताक पर रख दिया। हाईवे के बीचों-बीच खड़े होकर आतिशबाजी की, जिससे यातायात पूरी तरह ठप हो गया। सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और लोग जाम में फंसकर बेबस नजर आए।

तेज धमाकों और आतिशबाजी से धुएं ने वाहन सवारों को परेशान कर दिया। शामली एनसीआर में आता है, ऐसे में धुएं से हवा में प्रदूषण का स्तर भी बढ़ा, जिससे राहगीरों को आंखों में जलन और सांस लेने में दिक्कत का सामना करना पड़ा।

कई लोगों ने जब विरोध किया, तो ये युवक रौब गालिब करने लगे। लोग युवकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। बैंक्वेट हाल के मालिक अभिनव ने कहा कि यदि कोई अंदर आतिशबाजी करता है, तो उसे मना कर दिया जाता है। बैंक्वेट हाल में जगह-जगह बोर्ड भी लगे हैं। बाहर आतिशबाजी करने वालों को रोकने की जिम्मेदारी पुलिस की है। एएसपी सुमित शुक्ला ने कहा कि थाना प्रभारी को भेजकर जांच कराई जाएगी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।