सात फेरों से पहले अनूठी पहल: गोशाला में पूजा-अर्चना के बाद विवाह मंडप पहुंची दुल्हन, गोसेवा के संकल्प की हर तरफ सराहना
Shamli News: शामली में एक अनोखी शादी देखने को मिली, जहां दुल्हन ने सात फेरों से पहले गोशाला पहुंचकर गोमाता की पूजा-अर्चना की। दिव्य योग संस्थान ट्रस्ट की इस पहल का उद्देश्य विवाह जैसे शुभ अवसरों को सेवा और सामाजिक सरोकारों से जोड़ना है।

गोशाला पहुंचीं विदुषी ने गौ माता को खिलाया गुड़ और हरा चारा।
HighLights
शामली में विदुषी शर्मा ने विवाह से पहले की गोसेवा।
दिव्य योग संस्थान ट्रस्ट ने शुरू की यह अनूठी पहल।
संवाद सहयोगी, शामली। विवाह जीवन का एक नया अध्याय शुरू करने का अवसर होता है, लेकिन कुछ लोग इस खास दिन को सेवा और संस्कारों से जोड़कर समाज के लिए प्रेरणा बन जाते हैं। ऐसा ही अनूठा उदाहरण बुधवार को शामली में देखने को मिला।
सात फेरों और वैवाहिक रस्मों से पहले विदुषी शर्मा अपने पिता के साथ गोशाला पहुंची और विधि-विधान से गौ माता की पूजा-अर्चना कर गुड़ और हरा चारा खिला कर गोसेवा का संकल्प निभाया।
दिव्य योग संस्थान ट्रस्ट की इस पहल ने विवाह समारोह को एक सामाजिक और धार्मिक संदेश से जोड़ दिया। विदुषी शर्मा पुत्री जितेंद्र शर्मा का विवाह हरियाणा के जींद निवासी राकेश के साथ बुधवार रात जेजे फार्म हाउस में संपन्न होना है। विवाह की व्यस्त तैयारियों चाक पूजन, भात की रस्म के बीच बुधवार की सुबह भी विदुषी ने गोसेवा की पारिवारिक परंपरा और संस्कारों को प्राथमिकता दी।
इस दौरान उन्होंने गोमाता को 11 कुंतल हरा चारा, तीन कट्टे चोकर और 11 किलोग्राम गुड़ खिलाया गया। पूजा-अर्चना के दौरान उपस्थित लोगों ने दाम्पत्य जीवन में बंधने जा रही विदुर्षी को वैवाहिक जीवन की मंगल कामना की। ट्रस्ट के संचालक जितेंद्र शर्मा ने बताया कि संस्थान ने अपने सदस्यों के विवाह, जन्मदिन सहित अन्य मांगलिक अवसरों पर गोपूजन और गोसेवा करने की पहल शुरू की है। इसका उद्देश्य खुशियों के अवसरों को सेवा और सामाजिक सरोकारों से जोड़ना है। इस दौरान मुकेश वर्मा, सरवन संगल, आदेश गुप्ता, ध्रुव शर्मा, शिक्षा शर्मा आदि मौजूद रहे।
महिला सशक्तीकरण और साइबर अपराध के प्रति किया जागरूक
बाबरी। मिशन शक्ति एवं एंटी रोमियो टीम थाना बाबरी की ओर से बाबरी कस्बे के मुख्य बाजार में खरीददारी करने आई महिलाओं और युवतियों को मिशन शक्ति टीम प्रभारी उपनिरीक्षक धर्मपाल सिंह ने सशक्तीकरण, साइबर अपराध तथा सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान महिलाओं को सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी और विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों के बारे में बताया।