दीपावली के बाद हवा हुई दमघोंटू, फेफड़ों को सही सलामत रखने के लिए जरूर से करें ये चीजें
शामली में लगातार बढ़ रहा वायु प्रदूषण स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बन गया है, जिससे फेफड़ों और सेहत पर बुरा असर पड़ रहा है।

तस्वीर- फाइल।
HighLights
शामली में वायु प्रदूषण लगातार बढ़ रहा, सेहत पर खतरा।
बच्चों और बुजुर्गों के लिए प्रदूषण अधिक हानिकारक साबित हो रहा।
मास्क पहनें, भाप लें, स्वस्थ आहार अपनाकर बचाव करें।
जागरण संवाददाता, शामली। जिले में हवा लगातार प्रदूषित होती जा रही है। आने वाले दिनों में प्रदूषण और अधिक बढ़ने की संभावनाएं लग रही है। ग्रेप-तीन की पाबंदियों के बीच हवा लगातार दमघोंटू होती जा रही है, जो सीधे तौर पर हमारे फेफड़ों और सेहत पर हमला कर रही है।
ऐसे में यह बेहद जरूरी है कि हम अपनी और अपने परिवार की सेहत को लेकर अभी से पूरी तरह सतर्क हो जाएं, क्योंकि थोड़ी सी भी लापरवाही भारी पड़ सकती है।
प्रदूषण का यह बढ़ता स्तर शरीर के भीतर चुपचाप नुकसान पहुंचा रहा है। जब हम सांस लेते हैं, तो हवा में मौजूद सूक्ष्म कण सीधे हमारे फेफड़ों में पहुंचकर उन्हें अंदर से कमजोर कर देते हैं। इस जहरीले माहौल का सबसे बुरा असर मासूम बच्चों और 50 वर्ष से अधिक उम्र के बुजुर्गों पर पड़ रहा है, क्योंकि उनके शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता और अंग अपेक्षाकृत नाजुक होते हैं। डाक्टरों का कहना है कि हवा में फैली यह दुर्गंध और धूलकण अस्थमा, सांस फूलने, गले के संक्रमण और आंखों में जलन जैसी समस्याओं को तेजी से बढ़ावा दे रहे हैं।
इन जरूरी लक्षणों को पहचानें और समय पर संभल जाएं
- अचानक से सांस लेने में कठिनाई महसूस होना और सांस की रफ्तार बहुत तेज हो जाना।
- सांस फूलने की समस्या के साथ-साथ तेज खांसी उठना, जिससे छाती में जकड़न महसूस हो।
- प्रदूषण के प्रभाव से छोटे बच्चों की छाती और पसलियां तेजी से चलना।
- आंखों से पानी आना, लाल होना तथा गले में खराश या संक्रमण बने रहना।
बचाव को अपनाएं ये उपाय
- जब भी जरूरी काम से घर से बाहर निकलें, मुंह और नाक को अच्छे से ढककर रखें या मास्क का इस्तेमाल करें।
- सुबह और शाम सादे पानी की भाप लेना फेफड़ों और सांस की नली की अंदरूनी सफाई के लिए फायदेमंद।
- सुबह-सवेरे ठंडी और प्रदूषित हवा में वाक पर जाने के बजाय घर के अंदर ही हल्के व्यायाम और योगासन करें।
- शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता मजबूत करने के लिए ताजे फल, हरी सब्जियां और गुनगुने पानी का सेवन करें।
यह भी पढ़ें- त्योहारों के बाद अचानक वर्कआउट या क्रैश डाइट से बचें, प्रदूषण के बीच हल्के व्यायाम से करें शुरुआत