शहर रहा जाम, आमजन परेशान
जागरण संवाददाता शामली होली पर पूरा शहर जाम के झाम में फंसा रहा। हर ओर वाहनों क
जागरण संवाददाता, शामली : होली पर पूरा शहर जाम के झाम में फंसा रहा। हर ओर वाहनों की कतार थी और पैदल यात्रियों को भी गंतव्य तक पहुंचने में मशक्कत करनी पड़ी। पुलिस ने यातायात व्यवस्था को सुचारु करने का प्रयास किया, लेकिन स्थिति जस की तस रही। देर शाम हालात कुछ सामान्य हुए।
होली के चलते बाजारों में सुबह से ही भीड़ थी। ग्रामीण क्षेत्रों के साथ शहर के लोग भी खरीददारी करने को पहुंच रहे थे। इसके चलते सुबह से ही जाम की स्थिति बनने लगी थी। एक कारण ये भी रहा कि पार्किंग की व्यवस्था न होने के चलते लोगों के वाहन सड़कों के बेतरतीब ढंग से खड़े थे। गन्ने के वाहन बढ़े तो स्थिति लगातार बिगड़ती गई। वीवी इंटर कॉलेज रोड, सुभाष चौक, मिल रोड, हनुमान धाम रोड, भिक्की मोड़, फव्वारा चौक, धीमानपुरा में जाम लग गया। दोपहिया वाहन चालकों को भी जगह नहीं मिली। कोई जाम के झाम से जूझता रहा तो किसी ने गलियों का सहारा लिया। जाम के चलते गन्ने के वाहन भी रेंग-रेंगकर आगे बढ़ रहे थे। मुख्य शहर के जाम का असर कैराना रोड, बुढ़ाना रोड, दिल्ली रोड पर भी दिखा। वहीं, बुढ़ाना रोड और धीमानपुरा फाटक के चलते भी जाम की समस्या विकराल हुई, क्योंकि फाटक बंद होते ही दोनों ओर वाहनों की कतार लगी और शहर पहले से ही जाम था।
क्षमता के अनुरूप नहीं
हो रही गन्ने की पेराई
शामली : तकनीकी दिक्कत के चलते शामली शुगर मिल में क्षमता के अनुरूप गन्ने की पेराई नहीं हो पा रही है। ऐसे में गन्ने से लदे वाहन रेंग रहे हैं। वहीं, होली को देखते हुए मिल ने अतिरिक्त पर्ची जारी कर दी थी। उम्मीद ये थी कि त्योहार पर कम ही किसान गन्ना लेकर आएंगे, पर ऐसा नहीं हुआ। तकनीकी खराबी और गन्ना वाहनों के बढ़ने के चलते जाम की स्थिति विकराल बनी है। किसानों को इस संबंध में जानकारी नहीं मिली और वह गन्ना लेकर गन्ने लेकर आ गए। सूत्रों की मानें तो तकनीकी दिक्कत सही होने में अभी दो से तीन दिन लग सकते हैं। इस संबंध में मिल अधिकारियों से बात करने का प्रयास किया, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका।