बार संघ अध्यक्ष पद पर दूसरी बार रामपाल सिंह का कब्जा
जिला बार एसोसिएशन का चुनाव मंगलवार को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो गया। बार संघ चुनाव में अध्यक्ष पद पर जहां रामपाल सिंह विजयी रहे वहीं महासचिव पद पर अरविद कुमार जावला की ताजपोशी हुई।
शामली, जेएनएन। जिला बार एसोसिएशन का चुनाव मंगलवार को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो गया। बार संघ चुनाव में अध्यक्ष पद पर जहां रामपाल सिंह विजयी रहे, वहीं महासचिव पद पर अरविद कुमार जावला की ताजपोशी हुई। नवनिर्वाचित अध्यक्ष रामपाल सिंह एक बार पूर्व में भी अध्यक्ष पद पर चुनाव जीत दर्ज का चुके है। अध्यक्ष व महासचिव पदों के अलावा समस्त पदों पर निर्विरोध निर्वाचन हो गया। बार संघ चुनाव में जीत दर्ज कराने के बाद अधिवक्ताओं ने नवनिर्वाचित टीम का फूल मालाओं से स्वागत किया।
मंगलवार को जिला बार संघ अध्यक्ष व महासचिव पदों के लिए चुनाव शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो गया। चुनाव के लिए सुबह नौ बजे से मतदान शुरू हो गया। मतदान के शुरूआती दौर में अधिवक्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। अधिवक्ताओं ने अपने-अपने प्रत्याशी को मत दिया। मतदान दोपहर ढाई बजे तक चलता रहा। इसके उपरांत मतदान की गणना तीन बजकर 15 मिनट से चार बजे तक चली। मुख्य चुनाव आयुक्त रतन सिंह एडवोकेट, रवि चौधरी व केडी शर्मा की अध्यक्षता में हुए चुनाव का परिणाम सायं में मतगणना के बाद घोषित किया गया। कुल 144 मतों में 143 मतों का प्रयोग अधिवक्ताओं ने किया, जबकि एक मत निरस्त किया गया। इनमें अध्यक्ष पद पर रामपाल सिंह एडवोकेट को 94 मत मिले, जबकि इनके प्रतिद्वंदी योगेश शर्मा को मात्र 49 वोट ही मिल सके। इसके चलते रामपाल सिंह को 45 मतों से विजयी घोषित कर दिया गया। इसके साथ ही महासचिव पद पर अरविद कुमार जावला को 86 मत मिले, वहीं रामफूल सिंह को 58 मत हासिल हुए। जिसके बाद महासचिव पद पर अरविद जावला 28 मतों से विजयी घोषित हुए। इसके अलावा बाकी पदों पर पहले ही निर्विरोध निर्वाचन हो चुका है। इनमें कोषाध्यक्ष पद पर श्यामवती, वरिष्ठ उपाध्यक्ष सौराज सिंह, उपाध्यक्ष सतेंद्र शर्मा, प्रदीप वर्मा, कृष्णपाल, कनिष्ठ उपाध्यक्ष समरजीत, सह सचिव प्रशासन पर रामकुमार वर्मा, सह सचिव प्रकाशन नेपाल सिंह, सह सचिव पुस्तकालय दीपा कंकरवाल, वरिष्ठ सदस्य राजेंद्र स्वामी, पवन सैनी, कनिष्ठ सदस्य विपिन जांगिड, शिवकुमार व तीन अन्य सदस्य निर्विरोध निर्वाचित हुए। बार संघ चुनाव के बाद देर रात तक कलक्ट्रेट स्थित बार भवन में जश्न का माहौल रहा। अधिवक्ताओं ने एक दूसरे को मिठाइयां खिलाकर खुशी का इजहार किया।