शामली में दिल्ली-देहरादून इकोनामिक कॉरिडोर पर रुका राजा भैया का काफिला, कार्यकर्ताओं में भरा चुनावी जोश
जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के अध्यक्ष राजा भैया ने शामली में दिल्ली-देहरादून कॉरिडोर पर रुककर कार्यकर्ताओं से मुलाकात की और आगामी ...और पढ़ें

ख्यावडी में दिल्ली देहरादून इकोनॉमिक कारिडोर पर समर्थकों से मिलते रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया
HighLights
राजा भैया ने दिल्ली-देहरादून कॉरिडोर पर कार्यकर्ताओं से मुलाकात की।
आगामी चुनाव के लिए बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने के निर्देश।
जनता के सुख-दुख में साथ रहने का संदेश दिया।
संवाद सूत्र, शामली। जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के राष्ट्रीय अध्यक्ष रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया शाम दिल्ली-देहरादून इकोनामिक कॉरिडोर के ख्यावड़ी कट पर अचानक रुके। इस दौरान उन्होंने जिलाध्यक्ष अंसार राणा व कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर आगामी चुनाव का फीडबैक लिया और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने के कड़े निर्देश दिए।
शनिवार एक निजी कार्यक्रम से लौटते समय राजा भैया का काफिला जैसे ही ख्यावड़ी गांव के पास कट पर रुका, समर्थकों की भारी भीड़ जुट गई। कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद करते हुए राजा भैया ने स्पष्ट किया कि चुनाव की सफलता की कुंजी जनता के बीच बने रहना है।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि संगठन की असली ताकत जमीनी स्तर पर होती है। केवल चुनाव के समय नहीं, बल्कि हर सुख-दुख में आम जनता के साथ खड़े रहें। लोगों की समस्याओं को समझें और उनका समाधान कराने के लिए लगातार प्रयास करें। जब हम जनता की सेवा को प्राथमिकता देंगे, तभी लोगों का विश्वास पार्टी पर और मजबूत होगा।
राजा भैया के आने पर कार्यकर्ताओं में दिखा उत्साह
मुलाकात के दौरान जिलाध्यक्ष अंसार राणा ने क्षेत्र में पार्टी द्वारा चलाई जा रही गतिविधियों, सदस्यता अभियान और स्थानीय मुद्दों की प्रगति रिपोर्ट राजा भैया के सामने रखी। राजा भैया ने बारी-बारी से कार्यकर्ताओं की बात सुनी और क्षेत्र में पार्टी की पहुंच को और व्यापक बनाने का संदेश दिया।
राजा भैया के आगमन की खबर क्षेत्र में फैलते ही समर्थकों का उत्साह देखते ही बनता था। हर कोई उनके साथ सेल्फी लेने और फोटो खिंचवाने के लिए उत्सुक नजर आया। कार्यकर्ताओं का कहना है कि चुनाव से ठीक पहले राजा भैया का यह औचक दौरा संगठन में नया उत्साह और ऊर्जा भर गया है।
