PNG पाइपलाइन के पास पटाखे जलाने की न करें भूल, छोटी सी लापरवाही पड़ सकती है भारी; सुरक्षा को एडवाइजरी जारी
दीपावली पर पीएनजी पाइपलाइन और उपकरणों की सुरक्षा के लिए एक एडवाइजरी जारी की गई है। शामली के जिला पूर्ति ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक फोटो
HighLights
त्योहार की खुशियों पर न लगे ग्रहण, शामली जिला प्रशासन व आईजीएल ने जारी की एडवाइजरी।
किसी भी आपात स्थिति के लिए आईजीएल ने 24 घंटे चालू रहने वाले हेल्पलाइन नंबर जारी किए।
जागरण संवाददाता, शामली। दीपावली के पर्व पर रोशनी के साथ-साथ सतर्कता बेहद जरूरी है। शामली में घरों तक पाइप से गैस पहुंचाने वाली पीएनजी लाइन और उपकरणों की सुरक्षा को लेकर जिला पूर्ति विभाग ने एडवाइजरी जारी की है।
जिला प्रशासन ने चेतावनी दी है कि गैस पाइपों या रेगुलेटर के पास आतिशबाजी करने से बड़ा हादसा हो सकता है, इसलिए त्योहार मनाते समय पूरी सावधानी बरतें।
खुशियों के इस त्योहार पर किसी भी तरह की अनहोनी से बचने के लिए जिला पूर्ति अधिकारी अंकुर यादव ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे दीपावली के जश्न में सुरक्षा मानकों को बिल्कुल न भूलें। उन्होंने कहा कि इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (IGL) द्वारा जिले में पीएनजी की आपूर्ति की जा रही है, जिसकी सुरक्षा हम सबकी जिम्मेदारी है।
यह रखें ध्यान
अक्सर दीपावली के दौरान बच्चे या लोग उत्साह में घरों के बाहर या दीवारों के पास आतिशबाजी करते हैं, जिससे गैस पाइपलाइन को नुकसान पहुंच सकता है। इसके लिए जारी दिशा-निर्देशों के मुताबिक, जिन जगहों से पीले रंग से पेंट किए गए जीआइ पाइप गुजरे हैं या जहां जमीन के अंदर गैस वाल्व चैंबर बने हैं, उनके आसपास भूलकर भी पटाखे, राकेट, अनार, मोमबत्ती या दीये न जलाएं।
कई बार लोग गैस रेगुलेटर, पाइप या क्लैंप जैसी चीजों का इस्तेमाल जुगाड़ से आतिशबाजी या राकेट दागने के लिए कर लेते हैं, जो जानलेवा साबित हो सकता है। इसके अलावा, भूमिगत वाल्व चैंबर के ऊपर गाड़ियां खड़ी न करें और न ही वहां कबाड़ या मलबा इकट्ठा होने दें, ताकि जरूरत पड़ने पर गैस आपूर्ति तुरंत रोकी जा सके।
रिसाव की आशंका पर करें यह काम
यह भी स्पष्ट किया कि यदि कभी घर में गैस की महक आए या किसी रिसाव की आशंका हो, तो तुरंत घबराएं नहीं। रसोई में गैस मीटर के पास लगे आइसोलेशन वाल्व और चूल्हे के पास का उपकरण वाल्व बंद कर दें। जरूरत पड़ने पर रसोई के बाहर लगे मुख्य वाल्व से भी सप्लाई रोकी जा सकती है। किसी भी आपात स्थिति के लिए आईजीएल ने 24 घंटे चालू रहने वाले हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं, जिन पर तुरंत फोन किया जा सकता है।
जरूरी हेल्पलाइन नंबर
- कंट्रोल रूम नंबर: 9773980533, 9773980536
- अन्य संपर्क नंबर: 7428097826, 7428097827, 7428097828
- ग्राहक सेवा नंबर: 18001025109
- आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर: 155216
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।