न लगा रहे मास्क, न हो रहा शारीरिक दूरी का पालन
भले ही कोविड-19 की गाइडलाइन के अनुसार सार्वजनिक स्थानों पर मास्क लगाने व शारीरिक दूरी का पालन करने करना अनिवार्य हो लेकिन इसकी नगर के बाजारों में रोजाना धज्जियां उड़ती दिखाई देती हैं। बाजार में अनेक लोग बिना मास्क के घूम रहे हैं।
शामली, जेएनएन। भले ही कोविड-19 की गाइडलाइन के अनुसार सार्वजनिक स्थानों पर मास्क लगाने व शारीरिक दूरी का पालन करने करना अनिवार्य हो, लेकिन इसकी नगर के बाजारों में रोजाना धज्जियां उड़ती दिखाई देती हैं। बाजार में अनेक लोग बिना मास्क के घूम रहे हैं। दुकानों पर कई व्यापारी भी मास्क लगाकर नहीं बैठते। यह हालात तब हैं, जब पुलिस रोजाना नियम पालन न करने वालों के चालान काट रही है।
लोगों को कोरोना वायरस के संक्रमण से बचाने के लिए घर से बाहर निकलने पर मास्क लगाना कोविड गाइडलाइन के अनुसार अनिवार्य है। यदि कोई व्यक्ति बिना मास्क के बाजार या घर से बाहर निकलता है तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी चेतावनी दी गई है, लेकिन लोग इसका पालन नहीं कर रहे हैं। गुरुवार सुबह बाजार खुलने के समय लोग बिना मास्क के बाजार में पहुंच रहे हैं। शहर के कबाड़ी, बाजार, बड़ा बाजार, गांधी चौक, नेहरू मार्केट, कमला मार्केट आदि ऐसे कई बाजार हैं, जहां खरीदारी करने आए लोगों की भीड़ रहती है। कई पर्व एक साथ होने के कारण भी बाजारों में भारी भीड़ है। यहां अनेक लोग मास्क लगाकर नहीं आते। शारीरिक दूरी का भी यहां उल्लंघन होता है। बाजार में लापरवाही के साथ पहुंच रहे लोगों की भीड़ से संक्रमण फैलने का खतरा बना हुआ है, लेकिन लोग इसके बारे में जानकारी होने के बाद भी जागरूक नहीं हो रहे है। संक्रमण के मद्देनजर उक्त लोग बरती जाने वाली सावधानी को भी भूल गए हैं। हालांकि रामलीला मंचन के दौरान शारीरिक दूरी का पालन व सैनिटाइजर से हाथ धोते श्रद्धालु देखे जा सकते हैं। वैसे पुलिस ने मास्क न लगाने वालों के चालान काटने की कार्रवाई शुरू की है।