Free Ration: अब राशन में नहीं होगी कटौती, EWS से जुड़ेंगी दुकानें; इस खास मशीन से जोड़ा गया कांटा
Ration Card जनपद के गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन करने वाले लोगों के लिए यह खुशखबरी भरी खबर है। कोरोना काल से अब तक राशन वितरण प्रणाली पर कार्ड धारक कम राशन देने की शिकायतें कर रहे थे। ऐसे में राशन वितरण प्रणाली में सुधार किया गया है। जनपद के कोटेदारों की सभी दुकानें इ-वेइंग स्केल (इडब्ल्यूएस) से जोड़ी जाएंगी। यानि इ-पोस मशीनों को कांटे से जोड़ा जाएगा।
जागरण संवाददाता, शामली। जनपद के गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन करने वाले लोगों के लिए यह खुशखबरी भरी खबर है। कोरोना काल से अब तक राशन वितरण प्रणाली पर कार्ड धारक कम राशन देने की शिकायतें कर रहे थे। ऐसे में राशन वितरण प्रणाली में सुधार किया गया है।
जनपद के कोटेदारों की सभी दुकानें इ-वेइंग स्केल (इडब्ल्यूएस) से जोड़ी जाएंगी। यानि इ-पोस मशीनों को कांटे से जोड़ा जाएगा। इडब्ल्यूएस के साफ्टवेयर में कार्डधारक की यूनिट दर्ज होंगी। अंगूठा लगने पर कांटा यूनिट के अनुसार तौल करेगा। इस प्रणाली में घटतौली होने के कोई संभावना नहीं है।
कोरोना काल में शिकायत थी कि डीलर प्रति यूनिट पांच किग्रा के बजाय तीन या चार किग्रा ही कार्ड धारकों को दे रहे हैं। डीलरों की दबंगई की शिकायत जब पूरे प्रदेश से पहुंची तब शासन स्तर से इस फर्जीवाड़े का विकल्प तलाशने का प्रयास शुरू हुआ। उसमें सामने आया कि इ-पोस मशीन में राशन डीलर हमेशा सही मात्रा दर्ज करता है। यानी किसी राशन कार्ड पर यदि 15 किग्रा राशन दिया जाना है तो मशीन पर 15 किग्रा ही दर्ज किया जाएगा।
सही मात्रा दर्ज करने पर कार्ड धारक अंगूठा लगाता है। उसके बाद मशीन पर तौलते समय डीलर मात्रा घटाकर देते हैं। यानी लगभग 10 या 12 किग्रा। उपाय निकाला गया कि जब डीलर कांटे पर सही तौल करें तब कार्ड धारक अंगूठा लगाए। इससे डीलरों की मनमानी रुकेगी। इस उपाय के अंतर्गत साफ्टवेयर तैयार किया गया। कांटे और ई-पोस मशीन को आपस में जोड़ दिया गया है।
434 दुकानों पर पहुंची इडब्ल्यएस मशीन
जनपद में 2.19 लाख एपीएल कार्ड धारक हैं जबकि 14 हजार से अधिक अंत्योदय कार्ड धारक हैं। अंत्योदय कार्ड धारकों को प्रत्येक तीन माह में सस्ती दरों पर चीनी भी मिलेगी। तीन माह में एक बार तीन किलो चीनी प्रत्येक अंत्योदय कार्ड धारक को दी जाती है। इन्हें बाजार के भाव में नहीं बल्कि सस्ती दरों यानि 18 रुपये प्रति किलो चीनी मिलेगी। अंत्योदय कार्डधारकों के डाटा में चीनी को भी जोड़ा गया है।
जनपद की समस्त दुकानों पर इडब्ल्यूएस मशीनें पहुंचा दी गई हैं। कोटेदार कार्डधारक को अब कम राशन नहीं दे पाएंगे। इ-पोश मशीन को कांटे से जोड़ा गया है। कार्डधारक का ब्यारा मशीन में दर्ज है। यूनिट के अनुसार ही शत-प्रतिशत राशन मिलेगा। -अंकुर यादव, डीएसओ।
इसे भी पढ़ें: हेमा मालिनी-डिंपल यादव, SP सिंह बघेल समेत इन प्रत्याशियों के सोशल मीडिया पर कितने फॉलोवर्स? पढ़ें पूरी रिपोर्ट