कभी शाही वैभव था नवाब तालाब का; अब बदहाल है, आलीशान महल खंडहर हो चुका... अब बहुरने जा रहे तालाब के दिन
कैराना का ऐतिहासिक नवाब तालाब, जो कभी शाही वैभव का प्रतीक था, अब बदहाल स्थिति में है। अमृत 2.0 योजना ...और पढ़ें

कैराना में नवाब तालाब से गंदे पानी की निकासी के लिए पंप सेट चालू करता कर्मचारी। जागरण
HighLights
कैराना का नवाब तालाब कभी शाही वैभव का प्रतीक था।
अमृत 2.0 योजना से तालाब के दिन बहुरने की उम्मीद।
33 लाख से शुरू हुआ पुनरुद्धार और साफ-सफाई कार्य।
जागरण संवाददाता, कैराना (शामली)। कभी शाही वैभव, खूबसूरत बगीचे और नावों की सैर के लिए अपनी खास पहचान रखने वाले कैराना के ऐतिहासिक नवाब तालाब की रौनक फिर लौटने की उम्मीद जगी है। मुगल बादशाह जहांगीर के दौर से जुड़ी इस ऐतिहासिक धरोहर का बड़ा हिस्सा जलीय खरपतवार से ढका हुआ है और किनारों पर कूड़े के ढेर लगे हैं।
अमृत 2.0 योजना के तहत शासन से 33 लाख रुपये मिलने के बाद तालाब में जमा गंदे पानी की निकासी शुरू करा दी गई है। इसके लिए तीन टुल्लू पंप लगाए गए हैं, जिनके माध्यम से पाइपों से पानी नाले में निकाला जा रहा है। पानी निकलने के बाद साफ-सफाई और पुनरुद्धार का कार्य कराया जाएगा।
नवाब तालाब का इतिहास कैराना के गौरवशाली अतीत और मुगलकाल से जुड़ा है। बताया जाता है कि मुगल बादशाह जहांगीर ने नवाब हकीम मुकर्रब खां से प्रसन्न होकर इस भव्य तालाब का निर्माण कराया था। मुकर्रब खां ने बादशाह का उपचार किया था। इससे प्रसन्न होकर जहांगीर ने उन्हें नवाब की उपाधि देने के साथ तालाब के निर्माण के लिए जमीन और धन उपलब्ध कराया था। करीब 140 बीघा क्षेत्रफल में फैले तालाब के चारों ओर खूबसूरत बगीचे थे और पश्चिम दिशा में आलीशान महल बना था।
तालाब के बीच में करीब 22 गज का चबूतरा था, जिसे सुफ्फा-ए-माहताबी कहा जाता था। नवाब अपनी बेगमों के साथ नाव से तालाब की सैर करते और चबूतरे पर विश्राम करते थे। समय के साथ इसकी रौनक उजड़ गई। चबूतरा अस्तित्व खो चुका है और महल खंडहर में तब्दील हो गया है।
नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी समीर कुमार कश्यप ने बताया कि फिलहाल मिले 33 लाख रुपये से गंदे पानी की निकासी, साफ-सफाई और पुनरुद्धार का कार्य कराया जाएगा। तालाब की भूमि के कुछ हिस्सों पर लोगों का कब्जा है, जबकि किले में भी कुछ लोग रह रहे हैं।
वर्ष 2022 में नगरपालिका की ओर से 10 कब्जाधारकों को नोटिस जारी किए गए थे। तालाब को अमृत सरोवर योजना में शामिल नहीं किया गया है। इसके सुंदरीकरण के लिए अलग से अधिक बजट की आवश्यकता होगी। इसके लिए शासन स्तर पर प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि तालाब की संपत्ति से कब्जा हटवाने के प्रयास भी किए जाएंगे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।