महंगाई की मार! पहले चीनी... और अब सरसों तेल के भाव में उछाल, 250 रुपये लीटर तक पहुंचा तेल
शामली में महंगाई ने आम आदमी की रसोई का बजट बिगाड़ दिया है। सरसों तेल 250 रुपये प्रति लीटर और दालों के दाम में भी भारी उछाल आया है। चीनी, दालों, मसालों और सब्जियों की कीमतों में वृद्धि से मध्यमवर्गीय परिवारों के लिए मासिक खर्च चलाना मुश्किल हो गया है।

(प्रतीकात्मक फोटो)
HighLights
अरहर और उड्द की दालों में उछाल, 40 रुपये किग्रा तक दामों में हुई वृद्धि
दालें, मसाले व सब्जियों के दामों से आमजन की रसोई का फिर बिगड़ा बजट
संवाद सहयोगी, जागरण. शामली। महंगाई की मार से आम आदमी को राहत मिलती नजर नहीं आ रही है। पहले चीनी के दामों में तेजी आई और अब सरसों के तेल ने रसोई का बजट बिगाड़ दिया है। बाजार में सरसों का तेल 240 से 250 रुपये प्रति लीटर तक बिक रहा है, जबकि अरह की दाल 160 और उड़द की दाल 140 रुपये प्रति किलो के पार पहुंच गई हैं। दालों के साथ मसालों के साथ सब्जियों दामों में वृद्धि होने से आमजन का बजट बिगड़ गया है।
शादी-विवाह के सीजन में खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ने के बीच जरूरी घरेलू सामान की कीमतों में हो रही बढ़ोतरी ने मध्यमवर्गीय परिवारों की चिंता बढ़ा दी है। पहले जहां परिवार महीनेभर का राशन निर्धारित बजट में खरीद लेते थे, वहीं अब वही सामान खरीदने के लिए अधिक रुपये खर्च करने पड़ रहे हैं।
करीब छह महीने पहले यह भाव 46.54 रुपये प्रति किलो था, वर्तमान में चीनी की कीमत 60 रुपये प्रति किग्रा है। सरसों के तेल की कीमतों में भी लगातार तेजी का रुख बना हुआ है। काली सरसों का तेल तीन माह पहले 180 रुपये किग्रा था, जो अब 210 रुपये किग्रा है। पीली सरसों का तेज पहले 210 रुपये था जो वर्तमान में 240 रुपये किग्रा. हो गया है।
अरहर दाल का 120 रुपये से बढ़कर 160 रुपये और उड़द की दाल 120 से बढ़कर 140 रुपये किग्रा हो गई है। 75 रुपये किग्रा बिकने वाला चावल 85 रुपये किग्रा हो गया है। अदरक 100 रुपये किग्रा. लहसून 280 और प्याज के दाम 50 रुपये प्रति किग्रा पहुंच गए हैं।
वहीं हल्दी, धनिया, लाल मिर्च, जीरा और गरम मसालों की कीमतों में भी उतार-चढ़ाव से घरेलू रसोई का खर्च बढ़ रहा है। खाद्य पदार्थों की कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी का सीधा असर घरों के मासिक बजट पर पड़ रहा है। ऐसे में रसोई का खर्च चलाना लगातार मुश्किल होता जा रहा है।
खाद्य सामग्री पहले भाव वर्तमान भाव
चीनी 45 रुपये 60 रुपये
सरसों तेल 210 रुपये 250 रुपये
अरहर दाल 120 रुपये 160 रुपये
उड़द दाल 120 रुपये 140 रुपये
चना दाल 80 रुपये 100 रुपये
चावल 75 रुपये 85 रुपये
नोट: तुलनात्मक आंकड़े तीन माह के बीच के है और भाव प्रति किग्रा दिया गया है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।