30 दिन पहले पासपोर्ट सत्यापन के लिए शामली पहुंची थी जाह्नवी, दिल्ली एयरपोर्ट से बरामद हुई जाह्नवी की कार
रोहतक के चौहरे हत्याकांड में शामली की जाह्नवी का नाम सामने आने के बाद उसकी कार दिल्ली एयरपोर्ट से बरामद हुई है। करीब एक महीने पहले उसने पासपोर्ट बनवाया था और सत्यापन के लिए कोतवाली भी पहुंची थी; चर्चा में आने के बाद उसके इंस्टाग्राम अकाउंट बंद हो गए।

(प्रतीकात्मक फोटो)
HighLights
रोहतक चौहरे हत्याकांड में शामली की जाह्नवी का नाम आया सामने।
जाह्नवी की कार दिल्ली एयरपोर्ट से बरामद, पासपोर्ट सत्यापन भी हुआ।
चर्चाओं के बाद जाह्नवी और पिता के इंस्टाग्राम अकाउंट भी हो गए बंद।
जागरण संवाददाता, शामली। रोहतक के चौहरे हत्याकांड की जांच में शामली के बहावड़ी निवासी जाह्नवी का नाम सामने आने के बाद उसके जिले से जुड़े पहलुओं की भी जांच जारी है। जाह्नवी ने करीब 20 दिन पहले ही पासपोर्ट बनवाया था। पासपोर्ट सत्यापन के लिए करीब एक महीना पहले वह शामली कोतवाली भी पहुंची थी। अब रोहतक हत्याकांड के बाद उसके नाम की गाड़ी दिल्ली एयरपोर्ट से मिलने की जानकारी सामने आई है। उधर, घटनाक्रम को लेकर चर्चाओं में आने के बाद जाह्नवी ने रविवार दोपहर अपना इंस्टाग्राम अकाउंट बंद कर दिया है। उसके पिता विक्की मलिक के नाम से बने अकाउंट के भी बंद हो गया है।
हरियाणा के रोहतक में हुए चौहरे हत्याकांड की जांच के दौरान शामली के बहावड़ी गांव निवासी जाह्नवी चौधरी का नाम सामने आया है। इस मामले में हरियाणा पुलिस उसके संपर्कों और घटनाक्रम से जुड़े पहलुओं की पड़ताल कर रही है। जाह्नवी चौधरी ने करीब एक महीना पहले ही पासपोर्ट के लिए अप्लाई किया था। करीब 20 दिन पहले वह शहर कोतवाली में पासपोर्ट सत्यापन के लिए काली गाड़ी से आई थी। स्थानीय स्तर पर पासपोर्ट सत्यापन की प्रक्रिया के दौरान उसका कोतवाली आना अब रोहतक हत्याकांड की जांच के बीच चर्चा में है।
सूत्रों के अनुसार, जाह्नवी के नाम की गाड़ी दिल्ली एयरपोर्ट से बरामद होने की जानकारी भी सामने आई है। उधर, जाह्नवी की तस्वीरें और नाम विभिन्न मीडिया माध्यमों में प्रसारित होने के बाद रविवार को उसने अपना इंस्टाग्राम अकाउंट बंद कर लिया। जाह्नवी के पिता विक्की मलिक के नाम से भी इंस्टाग्राम पर अकाउंट बनाया गया था, वह भी फिलहाल बंद है।