जीएसटी की जटिलताओं के विरोध में 26 को भारत बंद
कन्फेडरेशन आफ आल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) और पश्चिमी उत्तर प्रदेश संयुक्त उद्योग व्यापार मंडल ने जीएसटी की जटिलताओं के विरोध में 26 फरवरी को भारत बंद का आह्वान किया है। इस संबंध में सुभाष चौक स्थित कार्यालय पर व्यापार मंडल की बैठक हुई और बंद को सफल बनाने को रणनीति तय की गई।
शामली, जेएनएन। कन्फेडरेशन आफ आल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) और पश्चिमी उत्तर प्रदेश संयुक्त उद्योग व्यापार मंडल ने जीएसटी की जटिलताओं के विरोध में 26 फरवरी को भारत बंद का आह्वान किया है। इस संबंध में सुभाष चौक स्थित कार्यालय पर व्यापार मंडल की बैठक हुई और बंद को सफल बनाने को रणनीति तय की गई।
कैट के राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं पश्चिमी उत्तर प्रदेश संयुक्त उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष घनश्याम दास गर्ग ने कहा कि नए प्रावधानों ने जीएसटी को बहुत अधिक जटिल बना दिया है। ई-वे बिल में छोटी-छोटी त्रुटियों पर लाखों का जुर्माना लगाया जा रहा है। अधिकारियों को बिना व्यापारी को सूचना दिए पंजीकरण रद करने के अधिकार भी दे दिए गए हैं। जीएसटी की वर्तमान स्थिति में व्यापार करना दूभर हो गया है। हमारी मांग है कि जीएसटी के नए प्रावधान वापस लिए जाएं और सरलीकरण किया जाए, इसलिए 26 फरवरी को देशभर के आठ करोड़ व्यापारी भारत बंद में शामिल होंगे। व्यापारियों से विभिन्न माध्यमों से बंद को सफल बनाने की अपील की जा रही है। बैठक में व्यापार मंडल के प्रदेश संगठन महामंत्री सुभाष चंद्र धीमान, प्रदेश उपाध्यक्ष बृजभूषण संगल, नगर अध्यक्ष नरेंद्र अग्रवाल, महामंत्री रवि संगल, व्यापारी सेना के प्रदेश प्रभारी पंकज वालिया, आशु पुरी, पवन गोयल, सिवान गर्ग, महेश धीमान, गौरव बंसल, मनोज मित्तल, शिवांक गर्ग आदि मौजूद रहे।
---
बच्चों को सही दिशा देने को कार्यशाला का आयोजन
शामली : बीएसएम स्कूल में आयोजित कार्यशाला में छात्र-छात्राओं का उच्च शिक्षा को लेकर मार्गदर्शन किया गया। मंगलवार को शहर के बीएसएम स्कूल में मेरठ की संस्था होप (हरनिध ओवरसीज पाधवे एजुकेशन) की ओर से कार्यशाला का आयोजन किया गया। इसमें विद्यार्थियों को कक्षा 12 के बाद किए जाने वाले बीए, बीएससी, बीसीए, मैनेजमेंट और फैशन डिजाइनिग आदि पाठ्यक्रमों के बारे में जानकारी दी गई। कार्यक्रम को होप संस्था की डायरेक्टर तृप्ति शर्मा ने संबोधित किया। कार्यक्रम में विजय शर्मा व पुष्पेंद्र मलिक का विशेष सहयोग रहा। प्रधानाचार्य राजकुमार धीमान ने सभी का आभार व्यक्त किया। स्कूल के चेयरमैन सूर्यवीर सिंह व मैनेजर छाया सिंह आदि मौजूद रहे।