ओवरफ्लो तालाबों की जल संचयन क्षमता को बढ़ाएं: छवि झा
जल शक्ति अभियान को लेकर संयुक्त सचिव कृषि मंत्रालय (भारत सरकार) छवि झा ने कलक्ट्रेट सभागार में तमाम विभागों के अफसरों के साथ बैठक की और अभियान के तहत कार्य शुरू करने के निर्देश दिए।
शामली, जेएनएन। जल शक्ति अभियान को लेकर संयुक्त सचिव कृषि मंत्रालय (भारत सरकार) छवि झा ने कलक्ट्रेट सभागार में तमाम विभागों के अफसरों के साथ बैठक की और अभियान के तहत कार्य शुरू करने के निर्देश दिए। कहा कि सूखे तालाबों को तो भरना ही है, साथ ही ओवरफ्लो तालाबों की जल संचयन क्षमता को भी बढ़ाना है। भूमिगत जलस्तर में सुधार के लिए तालाबों में हमेशा पानी रहना बेहद आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि जलशक्ति अभियान की निगरानी प्रधानमंत्री कार्यालय कर रहा है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। ऐसे में प्रत्येक जिले को प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने और उसके अनुरूप काम करने के निर्देश दिए गए हैं। बारिश के पानी का सदुपयोग करना है। साथ ही लोगों को भी वर्षा जल संचयन के लिए विभिन्न माध्यमों से जागरूक करना है। अभियान में मुख्य रूप से जन संरक्षण, बारिश के पानी का संचयन, परंपरागत जल संसाधनों व तालाबों का जीर्णाेद्धार, वाटर रिचार्ज के लिए बोरवेल का दोबारा उपयोग, पौधरोपण और वाटर शैड विकसित करने आदि कार्य प्रमुख हैं। जल संरक्षण को लेकर जिले के ग्रामीण एवं नगर क्षेत्र में योजनाबद्ध़ तरीके से काम होगा और लक्ष्य निर्धारित किए जाएं। नगर निकायों और खंड विकास अधिकारियों की जिम्मेदारी लक्ष्य को पूरा करने के लिए तय की जाएगी। साथ ही निगरानी के लिए एक कमेटी का गठन भी होगा। वर्षा जल संचयन के लिए सरकारी, सार्वजनिक, व्यावसायिक भवनों में व्यवस्था सुनिश्चित कराई जाए। तालाबों से अतिक्रमण हटाया जाए और जलाशयों में गंदा पानी न गिरे। जिला प्रशासन को जल संचयन के लिए बनाए जा रहे एक्शन प्लान को निर्धारित पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश भी दिए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी शंभूनाथ तिवारी, अपर जिलाधिकारी अरविद कुमार सिंह, परियोजना निदेशक ज्ञानेश्वर तिवारी, जिला विकास अधिकारी प्रमोद कुमार, उप कृषि निदेशक शिवकुमार केसरी, जिला कृषि अधिकारी हरिशंकर आदि मौजूद रहे।
अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप