VIDEO: तिहाड़ जेल से हाथों में हथकड़ी, पैरों में बेड़ियां और बुलेटप्रूफ जैकेट पहनाकर कैराना कोर्ट लाए गए गोगी गैंग के शूटर
Ankit Baliyan murder case: हरियाणवी गायक अंकित बालियान हत्याकांड में तिहाड़ जेल में बंद गोगी गैंग के शूटर योगेश टुंडा ...और पढ़ें
HighLights
गोगी गैंग के शूटर योगेश टुंडा, दीपक डबास कैराना कोर्ट में पेश।
कड़ी सुरक्षा में तिहाड़ जेल से कैराना कोर्ट लाए गए।
संवाद सूत्र, कैराना (शामली)। हरियाणवी गायक अंकित बालियान हत्याकांड में साजिश के आरोप में तिहाड़ जेल में बंद गोगी गैंग के शूटर योगेश उर्फ टुंडा और दीपक उर्फ डबास को सोमवार को कड़ी सुरक्षा के बीच कैराना स्थित कोर्ट में पेशी पर लाया गया है।
दोनों आरोपितों के हाथों में हथकड़ी, पैरों में बेड़ियां और बुलेटप्रूफ जैकेट पहनाई गई। कोर्ट परिसर में सीओ कैराना हेमंत कुमार और कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार पुलिस बल के साथ सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अलर्ट हैं।
पुलिस की ओर से पेशी को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही हैं। शामली पुलिस दोनों को पूछताछ के लिए रिमांड पर लेना चाहती है। फिलहाल दोनों की कोर्ट में पेशी नहीं हुई है। कोर्ट में पेशी और निर्णय के बाद आगे की स्थिति स्पष्ट होगी।
26 अगस्त को हुई थी हरियाणवी गायक अंकित बालियान की हत्या
गौरतलब है कि गत 26 अगस्त की शाम शामली के आर्यपुरी नाला पटरी पर जिम से लौट रहे हरियाणवी गायक अंकित बालियान की ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर हत्या कर दी गई थी। 31 अगस्त को पुलिस ने मुठभेड़ में दो शूटर सुमित और मोहित को मार गिराया था।
विवेचना के दौरान तिहाड़ जेल में बंद योगेश टुंडा और दीपक डबास को हत्या की साजिश में शामिल होने के आरोप में नामजद किया गया था। दोनों ने यूपी पुलिस से फर्जी मुठभेड़ में हत्या की आशंका जताते हुए अदालत से विशेष सुरक्षा की मांग की थी। इसके बाद अदालत ने सुरक्षा संबंधी निर्देश दिए थे।