घबराएं नहीं, लाकडाउन में जरूरी सेवाओं की रहेगी छूट
कोविड-19 संक्रमण के बढ़ते केस के चलते जिले में अब नाइट कर्फ्यू के साथ ही शनिवार व रविवार को लाकडाउन रहेगा लेकिन घबराने की जरूरत नहीं है। लाकडाउन में अनुमति के साथ शादियां होंगी तो वहीं शादी में जाने वालों के लिए रोक भी नहीं होगी।
शामली, जागरण टीम। कोविड-19 संक्रमण के बढ़ते केस के चलते जिले में अब नाइट कर्फ्यू के साथ ही शनिवार व रविवार को लाकडाउन रहेगा, लेकिन घबराने की जरूरत नहीं है। लाकडाउन में अनुमति के साथ शादियां होंगी तो वहीं शादी में जाने वालों के लिए रोक भी नहीं होगी। आवागमन के लिए रोडवेज बसें भी यथावत चलती रहेंगी। हालांकि राशन आज रात आठ बजे तक खरीद कर रख सकते हैं, वहीं आवश्यक सेवाओं पर दोनों दिन कोई प्रतिबंध नहीं रहेगा। चीनी मिल समेत अन्य औद्योगिक इकाइयां भी चलती रहेंगी।
जिलाधिकारी जसजीत कौर ने बीते बुधवार को लाकडाउन की गाइडलाइन जारी की है। कुछ लोग फिलहाल भी हड़बड़ाहट में हैं। लाकडाउन भले ही लग रहा है, इसमें बाहर घूमने के बजाय घरों में ही रहकर संक्रमण के फैलाव को रोकना है। यह हम सभी के लिए जरूरी है। लाकडाउन में ऐसा कुछ नहीं है कि कोई अत्याधिक जरूरत में भी घर से बाहर नहीं निकल सकता। इसके लिए डीएम जसजीत कौर ने स्पष्ट किया है कि कोरोना कर्फ्यू की अवधि में शादी समारोह हो सकते हैं, लेकिन गाइडलाइन का पालन करना होगा। खुले स्थान पर 100 और बंद स्थान पर 50 से अधिक लोग एकत्र नहीं हो सकते। अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए 20 लोगों की ही अनुमति होगी। औद्योगिक इकाइयों को छूट रहेगी। इनमें काम करने वाले श्रमिकों को नहीं रोका जाएगा। श्रमिकों को पहचान पत्र (आइ-कार्ड) रखना होगा। इसके साथ ही जिले में दवा की की दुकान खुलेंगी। राज्य परिवहन की बसें 50 फीसद क्षमता के साथ चल सकेंगी। आवश्यक सेवाओं में आने वाली वस्तुओं के लिए छूट रहेगी। किसी की परीक्षा है तो उन्हें पहचान पत्र-प्रवेश पत्र दिखाना होगा। मीडियाकर्मियों को भी पहचान पत्र साथ रखना रखना होगा। जिलाधिकारी ने बताया कि शारीरिक दूरी व मास्क बेहद जरूरी है। इसमें कोताही न बरतें। इसके साथ ही जरूरी सेवाओं को छोड़कर सभी घरों के अंदर ही रहें। संक्रमण रोकने के लिए यह बेहद जरूरी है।