दीपावली का दिखने लगा उल्लास, सजे बाजार
अब दीपावली में दस दिन से भी कम समय बचा है। व्यापारियों को त्योहारों से बड़ी उम्मीद हैं और बाजारों में उल्लास अभी से दिखने लगा है। सजावटी उत्पादों से दुकानें सज चुकी हैं और खरीदारी भी गति पकड़ रही। धनतेरस के लिए बर्तन बाजार से लेकर आटोमोबाइल सेक्टर में तैयारी है। वाहनों की तो बुकिग भी होने लगी है।
शामली, जागरण टीम। अब दीपावली में दस दिन से भी कम समय बचा है। व्यापारियों को त्योहारों से बड़ी उम्मीद हैं और बाजारों में उल्लास अभी से दिखने लगा है। सजावटी उत्पादों से दुकानें सज चुकी हैं और खरीदारी भी गति पकड़ रही। धनतेरस के लिए बर्तन बाजार से लेकर आटोमोबाइल सेक्टर में तैयारी है। वाहनों की तो बुकिग भी होने लगी है।
दो नवंबर को धनतेरस, तीन नवंबर को छोटी दीपावली और चार नवंबर को दीपावली है। शहर के बड़ा बाजार, गांधी चौक, कबाड़ी बाजार, हनुमान धाम रोड, भिक्की मोड़, नेहरू मार्केट, माजरा रोड पर सजावटी उत्पादों से दुकानें सज चुकी है। सड़कों किनारे अस्थायी दुकानें भी लग रही हैं। झालर, सजावटी मूर्तियां, रंग-बिरंगी लाइटें, कंदील, वंदनवार आदि की खरीददारी लोग करने लगे हैं, क्योंकि दीपावली से चार से पांच दिन पहले सजावट शुरू हो जाती है।
व्यापारी नीरज तायल ने बताया कि बाजार में माहौल उम्मीद के मुताबिक नजर आ रहा है। सभी सजावटी उत्पाद पूरी तरह स्वदेशी हैं और उत्तराखंड के हरिद्वार में बनकर आ रहे हैं। जैसे-जैसे दीपावली नजदीक आएगी, वैसे-वैसे भीड़ बढ़ती रहेगी।
व्यापारी नवनीत ने बताया कि शुरू में सजावटी उत्पादों को कम मात्रा में ही मंगाया था, लेकिन बाजार की स्थिति को देखते हुए और उत्पादों का आर्डर दे दिया है। वहीं, बर्तन व्यापारियों ने भी धनतेरस के लिए पर्याप्त स्टाक मंगा लिया है। वाहनों की हो रही बुकिग
आशा आटो के प्रबंधक तुषार ने बताया कि पिछले साल धनतेरस पर 400 से अधिक बाइक-स्कूटी की डिलीवरी दी गई थी। इस बार अब तक आठ बाइक की बुकिग हो भी चुकी है और उम्मीद है कि 600 से अधिक बाइक-स्कूटी की डिलीवरी धनतेरस पर होगी।