विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

देहरादून से 'बरात लेकर पहुंची दुल्हन' का दूसरे दिन भी शामली में डेरा, शादी की जिद पर अड़ी; युवक का अन्य जगह तय हुआ रिश्ता  

By Digital Desk Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Fri, 20 Nov 2026 03:07 PM (IST)

Shamli News: प्रेमी की दूसरी शादी की भनक लगते ही देहरादून निवासी प्रेमिका ढोल-वरमाला लेकर शामली के एलम स्थित उसके घर पहुंची और शादी की जिद पर अड़ गई। युवती दूसरे दिन भी वहीं डेरा डाले हुए है।

देहरादून से ढोल के साथ हाथों में वरमाला लेकर प्रेमी के घर परिवार संग पहुंची युवती। जागरण

देहरादून से ढोल के साथ हाथों में वरमाला लेकर प्रेमी के घर परिवार संग पहुंची युवती। जागरण

HighLights

  1. प्रेमी की दूसरी शादी की खबर पर युवती ने हंगामा किया।

  2. शनिवार को अन्य जगह जानी है युवक की बरात।

संवाद सूत्र, एलम (शामली)। दूसरी युवती से शादी की भनक लगते ही प्रेमिका देहरादून से परिवार संग ढोल के साथ हाथों में वरमाला लेकर प्रेमी के घर पहुंची थी। उसने दूसरे दिन शुक्रवार को भी युवक के कस्बे एलम में डेरा डाला हुआ है। वह शादी की जिद पर अड़ी है। मामले को लेकर कस्बे में तरह-तरह की चर्चाएं हैं।

युवती स्वजन के साथ प्रेमी के घर के बाहर गुरुवार देर रात तक मौजूद रही। वह उससे शादी करने की जिद पर अड़ी है। बताया गया कि वह रात में कस्बा कांधला स्थित एक होटल में ठहरी थी। उसके साथ आए स्वजन देर रात देहरादून लौट गए थे। अब उनके युवती के साथ वापस कस्बा एलम स्थित प्रेमी के घर पहुंचने की सूचना मिल रही है। वही प्रेमी के घर मढ़े का कार्यक्रम चल रहा है। 

यह है मामला 

देहरादून निवासी युवती ने बताया कि कस्बा एलम निवासी युवक से उसका 2016 से प्रेम प्रसंग चल रहा है। वर्ष 2019 में उसकी बहन की शादी में भी थी, जिसमें वह तीन दिन तक उसके घर आकर रही थी। आरोप है कि इसके बाद युवक ने उससे दूरी बना ली थी। कई महीने संपर्क न होने पर वर्ष 2021 में उसने देहरादून के स्थानीय थाने में उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। तब युवक ने उसके पास पहुंचकर शादी का आश्वासन दिया था।

हालांकि कुछ समय बाद उसने फिर से बातचीत बंद कर दी थी। युवती को जानकारी मिली कि युवक की शादी दिल्ली में तय हो गई है। शुक्रवार को उसका मंढा है और शनिवार को बरात जानी है। इस पर गुरुवार को युवती अपनी मां, बहन और मामी के साथ ढोल, वरमाला और बैनर लेकर एलम स्थित युवक के घर पहुंच गई।

बैनर पर युवक की फोटो के साथ लिखा 'देहरादून से बरात लेकर पहुंची दुल्हन, बदली परंपरा'

बैनर पर युवक की फोटो के साथ लिखा था कि 'देहरादून से बरात लेकर पहुंची दुल्हन, बदली परंपरा'। स्वजन संग पहुंची युवती को देख युवक की भाभी ने पहले खुशी में नाचने का नाटक किया, लेकिन इसके बाद दोनों पक्षों के बीच नोकझोंक शुरू हो गई। हंगामा होने पर मुहल्ले के लोग एकत्र हो गए।

पुलिस पहुंची और दोनों पक्षों को शांत कराने का प्रयास किया। युवती ने युवक के घर में ही छिपे होने की बात कही, जिस पर पुलिस ने युवती को साथ लेकर पूरे मकान की तलाशी ली, लेकिन युवक नहीं मिला। इसके बाद पुलिस युवती व उसके स्वजन को एलम पुलिस चौकी ले आई थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।