सुबह खिली चटक धूप, फिर छा गए बादल
दो दिन तक हुई बारिश के बाद शनिवार सुबह मौसम साफ रहा और चटक धूप खिली। दोपहर में मौसम ने फिर से करवट ली और आसमान काले बादलों से घिर गया। बारिश तो नहीं हुई लेकिन सूर्यदेव के बादलों में छिप जाने से ठिठुरन बढ़ गई।
शामली, जेएनएन। दो दिन तक हुई बारिश के बाद शनिवार सुबह मौसम साफ रहा और चटक धूप खिली। दोपहर में मौसम ने फिर से करवट ली और आसमान काले बादलों से घिर गया। बारिश तो नहीं हुई, लेकिन सूर्यदेव के बादलों में छिप जाने से ठिठुरन बढ़ गई। दोपहर बाद हल्की धूप खिली, लेकिन बादल छाए थे। वहीं, शाम को ठंड में और इजाफा हो गया। वहीं, खेतों में पानी भरा है और फसलों को नुकसान हुआ है। गन्ने की आवक कम होने से शामली चीनी मिल में भी करीब आठ घंटे नो-केन रहा।
गुरुवार शाम से लेकर शुक्रवार सुबह तक लगातार बारिश हुई थी। शुक्रवार सुबह हल्की धूप खिली थी, लेकिन कुछ ही देर के लिए। दोपहर में बारिश शुरू हो गई थी और देर रात तक चलती रही। बारिश और बर्फीली हवाओं से ठंड हाड़ कंपा रही थी। शनिवार सुबह तक मौसम साफ हो चुका था। कोहरा भी नहीं था और सूर्यदेव के दर्शन भी समय से हो गए थे। दिन चढ़ने के साथ चटक धूप खिली और ठंड से कुछ राहत मिली। लोग धूप का आनंद उठाते नजर आए, लेकिन दोपहर 12 बजे मौसम में अचानक बदलाव आया। कहां तो आसमान मुख्यत: साफ था, लेकिन कुछ ही देर में काले बादल छा गए। धूप गायब होने से ठिठुरन बढ़ गई और ठंडी हवा परेशान करने लगी। लोग गर्म कपड़ों से पैक नजर आए। मौसम को देखकर ऐसा लग रहा था कि बारिश होगी, लेकिन दोपहर बाद बादल कुछ छट गए। इसके बाद हल्की धूप निकली, लेकिन कुछ देर बाद फिर से सूर्यदेव बादलों में छिप गए। शाम होने तक सूर्य और बादलों के बीच लुकाछिपी चलती रही। शाम के वक्त पारा और गिर गया। पहाड़ों में हुई बर्फबारी का असर हवा के रूप में साफ महसूस हो रहा था और कंपकंपी छूट रही थी। इसके चलते जल्दी सड़कों पर भीड़भाड़ खत्म हो गई और लोगों ने घरों में रहना ही ठीक समझा। आठ घंटे बंद रही मिल
शुक्रवार देर रात तक रुक-रुककर बारिश होती रही। ऐसे में कम ही किसान गन्ना लेकर चीनी मिल में पहुंचे। सुबह करीब सात बजे मिल में गन्ना खत्म हो गया और पेराई बंद करनी पड़ी। दोपहर में करीब तीन बजे दोबारा से मिल चालू हुआ। सीएचसी में गिरा होर्डिंग
शुक्रवार को बारिश के साथ तेज हवा भी दी। इसके चलते सीएचसी शामली परिसर में लगा एक होर्डिंग भी गिर गिया।