गवाह को चाकू मारकर किया घायल, गंभीर
मुकदमे में अपने पक्ष में गवाही नहीं देने से नाराज पिता व पुत्रों ने अधेड़ की पिटाई की।
शाहजहांपुर : मुकदमे में अपने पक्ष में गवाही नहीं देने से नाराज पिता व पुत्रों ने अधेड़ की पिटाई की। विरोध करने पर आरोपितों ने उस पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
क्षेत्र के गांव सिसौआ निवासी 45 वर्षीय हरिराम ने पुलिस को दी तहरीर को बताया कि कुछ साल पहले गांव के स्वामी दयाल से कुछ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। जिसमें वह दूसरे पक्ष का गवाह हैं। स्वामी दयाल लगातार अपने पक्ष में गवाही देने के लिये दबाव बना रहा था। लेकिन उसने इन्कार कर दिया था। मंगलवार की दोपहर वह अपने खेत पर काम कर रहा था। आरोप है कि इसी दौरान स्वामी दयाल अपने तीन लड़के गुड्डू, जितेंद्र और धर्मेंद्र के साथ उसके खेत पर पहुंच गया और अपने पक्ष में गवाही देने का दबाव बनाने लगा। मना करने पर चारों ने मिलकर उसको पीटना शुरू कर दिया। जब उसने विरोध किया तो चाकू से हमला करके घायल कर दिया। चाकू उसे गले और गाल पर लगा। परिजनों ने घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। प्रभारी निरीक्षक डीसी शर्मा ने बताया कि चारों आरोपितों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई। आरोपित की गिरफ्तारी के लिये दबिश दी जा रही है।