प्रेमी के साथ मिलकर की थी पति की हत्या
प्रेमी के साथ मिलकर महिला ने पति की हत्या करके शव नहर में फेंक दिया।
शाहजहांपुर: प्रेमी के साथ मिलकर महिला ने पति की हत्या करके शव नहर में फेंक दिया। इसके बाद उसकी गायब होने की थाने में गुमशुदगी दर्ज करा दी थी। उसी दिन शव लखीमपुर खीरी के थाना पसगवां क्षेत्र के गांव उचौलिया के पास नहर में मिला। जिसकी शिनाख्त उसके पति के रूप में हुई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत हो कारण गला दबाने से होना बताया गया था। मामला थाना सदर बाजार से जुड़ा होने की वजह से इसकी विवेचना थाना सदर बाजार इंस्पेक्टर डीसी शर्मा ने की। पुलिस ने मृतका की पत्नी समेत उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मंगलवार को इस मामले का खुलासा किया। एसपी ने मामले के खुलासा करने वाली टीम को पांच हजार रुपये इनाम देने की घोषणा की है।
एसपी कार्यालय में हुई प्रेसवार्ता में एसपी सिटी दिनेश त्रिपाठी ने बताया कि थाना सदर बाजार क्षेत्र के मुहल्ला एमनजई जलालानगर निवासी जीनत ने बीती सात फरवरी की देर शाम अपने पति महफूज उर्फ लाला के गायब होने की गुमशुदगी दर्ज कराई। जिसमें उसने बताया कि छह फरवरी की रात करीब 11 बजे उसके पति के पास किसी अज्ञात व्यक्ति का फोन आया। इसके बाद उसका पति घर से चला गया। उसी दिन लखीमपुर के थाना पसगवां क्षेत्र में उचौलिया क्षेत्र में शारदा नहर में अज्ञात व्यक्ति का शव मिला। शव की शिनाख्त जीनत के भाई उमर ने अपने बहनोई महफूज के रूप में की। इसके बाद 23 मार्च को मामले की विवेचना थाना सदर बाजार में भेज दी गई। थाना सदर बाजार पुलिस ने मामले में अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करके इंस्पेक्टर डीसी शर्मा ने विवेचना शुरू कर दी।
पति के दोस्त से पत्नी के हो गए थे प्रेम संबंध
जनपद मुजफ्फरनगर के थाना भौराकला क्षेत्र के गांव सोनियान खेड़ी निवासी ट्रक चालक दीपक उर्फ भीम से महफूज उर्फ लाला की दोस्ती थी। वह सीतापुर रोड स्थित हार्ट मिक्स प्लांट पर डंपर चलाता था। दीपक अक्सर महफूज के घर आता था। इसी बीच दीपक और जीनत के प्रेम संबंध हो गए। दीपक सात फरवरी की सुबह पांच बजे महफूज के घर पहुंचा। उसने महफूज को जमकर शराब पिलाई। जब वह नशे में हो गया तो जानने वाली की चार पहिया गाड़ी ले आया। जीनत बहाने से दीपक के साथ महफूज को मायके ले गई। दीपक की मदद से जीनत से रुमाल से महफूज की गला दबाकर हत्या कर दी और उसका शव नहर में फेंक दिया।
सर्विलांस से आरोपित की लोकशन मिली घटनास्थल पर
मामले की विवेचना के दौरान सर्विलांस का सहयोग लिया गया। जिसमें जीनत और दीपक की लोकेशन घटनास्थल पर मिली। कॉल डिटेल में घटना के बाद दोनों के बीच काफी बातचीत हुई थी। इसी आधार पर पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। जिसमें दोनों ने हत्या करने की बात कबूल की।
जेल जाते समय मासूम को गोद में लेकर रो पड़ी
जीनत ने बताया कि उसके तीन बच्चे हैं। उसकी सास ने साजिश करके उसे फंसाया गया है। वह अपने दो बच्चों को मायके में छोड़ आई है। तीन वर्षीय बेटे को अपने साथ जेल में ले जाएगी।