सुधरेगी ट्रैफिक व्यवस्था, ई-रिक्शों के लिए तय होंगे मार्ग
जेएनएन, शाहजहांपुर : महानगर में जाम की समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पा रहा है। मनमाने ढंग से सड़कों पर भैंसें निकालने की वजह से भी लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा। ऐसे में दैनिक जागरण के प्रश्न पहर में सीओ सिटी/ सीओ ट्रैफिक अखंड प्रताप सिंह कार्यालय में मौजूद रहे। पाठकों ने उनसे फोन पर ट्रैफिक व्यवस्था सुधार के बारे में सवाल किए। सीओ ने भरोसा दिया कि इस दिशा में काम चल रहा है, जल्द सुधार भी दिखने लगेगा। उन्होंने बताया कि जाम की समस्या का स्थायी समाधान करने के लिए ई-रिक्शों के संचालन को नए सिरे से मार्ग निर्धारित किए जा रहे है। सदर समेत कई थाना क्षेत्रों में बदमाशों का गिरोह सक्रिय होने को लेकर फैली दहशत को दूर कराने का भी उन्होंने भरोसा दिया। कहा, कहीं बदमाशों का गिरोह नहीं आया है। कुछ लोग महज अफवाह फैला रहे है। पुलिस लाउडस्पीकर से प्रचार-प्रसार करेगी, इसके अलावा अफवाह फैलाने वालों पर उन्होंने सख्ती से कार्रवाई करने की चेतावनी दी।
प्रश्न : शहर के प्रमुख मार्गों पर जाम लगता है, उसके निस्तारण को लेकर क्या प्रयास किए जा रहे हैं।
उत्तर : ई-रिक्शों के संचालन के लिए मार्ग तय किए जा रहे हैं, उनकी यूनियन के नेताओं से भी बात कर व्यवस्था में सहयोग करने के लिए कहा जा रहा है।
प्रश्न : राजकीय मेडिकल कालेज गेट पर पुलिस पिकेट लगना चाहिए ताकि, गेट पर मनमाने ढंग से वाहन न खड़े किए जाए।
उत्तर : मेडिकल कालेज में पुलिस चौकी पहले से खुली है, वहां के स्टाफ को व्यवस्था को दुरुस्त कराने के लिए निर्देशित किया जाएगा। मनमाने ढंग से वाहन खड़े करने वालों पर कार्रवाई होगी।
प्रश्न : महानगर में भैंसों के निकलने के लिए कोई समय निर्धारित नहीं है, जिस वजह से जाम भी लगता है।
उत्तर : नगर निगम के अधिकारियों से पत्राचार कर इस समस्या का जल्द निस्तारण कराया जाएगा।
प्रश्न : जलालनगर बजरिया में व्यापारियों ने पूरा फुटपाथ घेर लिया हैं, जिससे आए दिन जाम लग जाता है।
उत्तर : नगर निगम प्रशासन अतिक्रमण हटाने के लिए समय-समय पर अभियान चलाता हैं, पुलिस भी अतिक्रमण करने वालों पर सख्ती करेगी।
प्रश्न : जिले के कई क्षेत्रों में बदमाश होने की सूचनाएं आ रही हैं, पुलिस की ओर से बदमाशों को पकड़ने के लिए क्या प्रयास चल रहे।
उत्तर : पुलिस हर थाना क्षेत्र में गश्त कर रही हैं, यह अफवाह मात्र हैं। पुलिस टीम लाउडस्पीकर से प्रचार-प्रसार भी कराएगी। अफवाह फैलाने वालों पर कार्रवाई की जाएगी।
प्रश्न : महानगर के तिराहे-चौराहे पर लगाए गए ट्रैफिक सिग्नल सिस्टम कब तक शुरू हो जाएंगे।
उत्तर : खिरनीबाग समेत कई स्थानों पर इसका संचालन चल रहा हैं, कुछ जगह काम पूरा होते ही शुरू हो जाएगा।
प्रश्न : वाहनों की चेकिंग के नाम पर ट्रैफिक पुलिस का फोकस ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले लोगों पर रहता है।
उत्तर : नियम सभी के लिए एक समान हैं, यदि किसी पर गलत कार्रवाई की जाए तो लिखित शिकायत करें। जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।
प्रश्न : कैंट क्षेत्र में शाम को अराजकतत्वों का जमावड़ा लगना शुरू हो जाता हैं, जिससे महिलाएं वहां टहलने नहीं जा पातीं।
उत्तर : संदिग्ध लोगों को पुलिस थाने लाकर पूछताछ करती है। सदर पुलिस को इसके लिए निर्देशित किया जाएगा, खुद भी क्षेत्र में जाकर इसकी मानीटरिंग करेंगे।
प्रश्न : टेंपो, पिकअप में क्षमता से अधिक सवारियां बैठाई जा रही हैं, जबकि कई बार हादसे भी हो चुके है।
उत्तर : ट्रैफिक व संबंधित थानों की पुलिस समय-समय पर ऐसे वाहन चालकों पर कार्रवाई करती है।
प्रश्न : महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सार्वजनिक स्थानों पर पुलिस की सक्रियता बढ़ाई जाए।
उत्तर : पुलिस की टीमें बाजार में तैनात रहती हैं, पुलिस की सक्रियता की वजह से ही अपराध का ग्राफ पहले से काफी कम हुआ है।
इन्होंने पूछे सवाल
मोहम्मद इस्लाम, मोईन खां, आस्था यादव, कर्मवीर सिंह, विपिन सिंह, सुखपाल सिंह, प्रिया गुप्ता, वैभव सिंह, स्वाति सिंह, संदेश कुमार आदि।