टाइगर श्रॉफ पर हमले के तार यूपी के शाहजहांपुर से जुड़े, मुंबई क्राइम ब्रांच ने एक युवक से की पूछताछ
मुंबई क्राइम ब्रांच ने अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर हमले के मामले में उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले के पुवायां कस्बे से एक युवक से पूछताछ की है।

अभिनेता टाइगर श्रॉफ
HighLights
मुंबई क्राइम ब्रांच शाहजहांपुर के पुवायां कस्बे पहुंची।
टाइगर श्रॉफ हमले में एक युवक से लंबी पूछताछ की।
युवक का सोनीपत से जुड़ाव सामने आया।
जागरण संवाददाता, शाहजहांपुर। अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर हमले के तार पुवायां कस्बा से भी जुड़ गए हैं। रविवार शाम मुंबई क्राइम ब्रांच ने एक युवक से लंबी पूछताछ शुरू की। वह कुछ दिन सोनीपत में रुककर लौट आया। क्राइम ब्रांच को उसके दोस्त की भी तलाश है। पूछताछ के बाद इन युवकों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी। इस संबंध में मुंबई क्राइम ब्रांच ने कोई बयान जारी नहीं किया, मगर माना जा रहा कि फोन काल डिटेल से कुछ सुराग मिले हैं।
18 अक्टूबर को मुंबई में टाइगर श्रॉफ पर हमला हुआ था। इस प्रकरण में सोनीपत के सात युवक पकड़े जा चुके। प्रकरण की जांच कर रही मुंबई क्राइम ब्रांच ने उन आरोपितों से पूछताछ की, काल डिटेल भी खंगाली। इसके बाद रविवार को क्राइम ब्रांच पुवायां कस्बा पहुंची।
कुरगंजा मुहल्ले के लोगों ने बताया कि दोपहर को सादा कपड़ों में आई पुलिस ने एक युवक को उसके घर के पास से पकड़ा। उसे थाने ले जाकर पूछताछ की। युवक के पिता का 20 वर्ष पहले निधन हो चुका। उसकी मां ने बताया कि वह सितंबर में अपने दो दोस्तों के साथ सोनीपत में नौकरी तलाशने गया था। वहां कुछ दिन पेटिंग का कार्य किया।
सोनीपत से पकड़े गए आरोपी
16 अक्टूबर को वह लौट आया था। बेटा रविवार को घर से कुछ दूर नीम के पेड़ के नीचे बैठा था, उसी दौरान टीम ने पकड़ लिया। ग्रामीणों ने बताया कि टीम ने कई लोगों ने उस युवक का नाम लेकर घर का पता पूछा था। स्थानीय पुलिस के अनुसार, मुंबई क्राइम ब्रांच जांच करने आई है। एक युवक से पूछताछ चल रही। उसके मोबाइल फोन खरीद के कागज देखे गए।
कुछ अन्य बिंदुओं पर भी बातचीत की गई। टीम को कस्बा में रहने वाले उसके दोस्त की भी तलाश थी। वह नहीं मिला तो उसके पिता को थाने बुलाया गया, कुछ देर बाद उन्हें घर जाने दिया। अभी यह स्पष्ट नहीं हो सका कि क्राइम ब्रांच को इन युवकों से संबंधित क्या सूचनाएं मिली थीं, किन साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है।
जिस युवक से पूछताछ चल रही, वह पूर्व में भी सोनीपत में पेटिंग आदि कार्य कर चुका है। संभव है कि वहां के कुछ युवकों से उसकी दोस्ती रही हो। टाइगर श्रॉफ पर हमले के सबसे अधिक आरोपित सोनीपत से ही पकड़े गए हैं।
